BIHARBreaking NewsSTATE

सरकारी बस में बैठकर मुजफ्फरपुर से झारखंड जाना हुआ आसान; निजी बस से 15% कम होगा किराया

उत्तर बिहार के यात्रियों के लिए खुशखबरी है। अब सरकारी बस से झारखंड जाना आसान हो जाएगा। साथ ही निजी बस से 15% किराया भी कम लगेगा। उत्तर बिहार के सात जिलों से इसकी जल्द शुरुआत करने की तैयारी है। इसमें मुजफ्फरपुर, मोतिहारी, रक्सौल, बेतिया, सीतामढ़ी, दरभंगा, समस्तीपुर और मधुबनी है। इस संबंध में परिवहन विभाग द्वारा उप परिवहन आयुक्त को पत्र जारी किया गया है।

बताया जा रहा है कि मुजफ्फरपुर से धनबाद, बोकारो, रांची और टाटा के लिए बसें खुलेंगी। इन जिलों के लिए पहले से दर्जनों निजी बस का परिचालन हो रहा है, लेकिन सरकारी बस का किराया कम होने से यात्रियों की संख्या बढ़ेगी। जल्द ही पटना में परिवहन विभाग की बैठक होने वाली है, जिसमें समय सारणी से लेकर किराया तक तय किये जाने की संभावना है।

रांची के खुलती है एकमात्र ट्रेन
वर्तमान में मुजफ्फरपुर से एक मात्र ट्रेन रांची के लिए जाती है। यह ट्रेन गोरखपुर से चल कर हटिया (रांची) तक जाती है। सीमित सीट होने के कारण सैंकड़ों यात्री यात्रा करने से वंचित रह जाते हैं। फिर उन्हें निजी बस का सहारा लेना पड़ता है। ऐसे में किराया भी अधिक देना होता है। AC बस का किराया करीब 650 रुपए जबकि स्लीपर का 750 रुपए होता है।

इम्लीचट्टी से खुलेंगी बसें
मुजफ्फरपुर से खुलने वाली सभी सरकारी बसें इम्लीचट्टी सरकारी बस स्टैंड से खुलेंगी। इसके अलावा पूर्वी चंपारण के मोतिहारी से दो और बेतिया से एक मार्ग पर बस चलेगी। इसी तरह समस्तीपुर से टाटा और मधुबनी से टाटा-बोकारो के लिए सेवा शुरू होगी। सीतामढ़ी से टाटा-बोकारो, दरभंगा से रांची, बोकारो और टाटा के लिए बसें खुलेंगी।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.