BIHARBreaking NewsSTATE

कोरोना वायरस की दूसरी लहर बीत चुकी है, लेकिन बुरा समय अभी नहीं निकला: केंद्र की चेतावनी

नई दिल्ली. केंद्र सरकार ने रविवार को चेतावनी देते हुए कहा कि कोरोना वायरस की दूसरी लहर भले ही अब खत्म होने की तरफ है, लेकिन इसका यह मतलब बिल्कुल नहीं है कि बुरा समय गुजर गया है. कोविड कार्यबल के प्रमुख वी के पॉल ने कहा, “देश में कोरोना वायरस की दूसरी लहर कमजोर पड़ी है, लेकिन यह कहना सही नहीं होगा कि बुरा समय बीत चुका है.”

कोविड-19 से बचाव के लिए टीकाकरण की अहमियत पर जोर देते हुए पॉल ने कहा कि सभी योग्य लोगों को वैक्सीन लगाने में हम पूरी तरह से सक्षम हैं. उन्होंने कहा, “टीका आपूर्ति की स्थिति को देखते हुए बालिग आबादी में सभी के लिए पूर्ण टीकाकरण हमारी पहुंच के दायरे में है.”

इसके साथ ही बच्चों और किशोरों के टीकाकरण को लेकर कोविड कार्यबल के प्रमुख ने कहा कि इस बारे में अंतिम फैसला वैज्ञानिक तर्कों के आधार पर ही लिया जाएगा और इसमें किसी तरह की कोई जल्दबाजी नहीं होगी. वहीं, देश में जायडस कैडिला कोरोना-रोधी वैक्सीन की उपलब्धता पर पॉल ने कहा कि जल्द ही यह भारतीयों के लिए इस्तेमाल होगा.

16 अक्टूबर तक टीकों की कुल 97.62 करोड़ खुराक दी गई
इस बीच, स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि 16 अक्टूबर की शाम सात बजे तक 38 लाख खुराक दिए जाने के बाद देश में कोविड-19 के टीकों की अब तक कुल 97.62 करोड़ खुराक दी जा चुकी है. मंत्रालय द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक टीकाकरण के तीसरे चरण की शुरुआत होने के बाद से कुल 39,25,87,450 पहली खुराक और 11,01,73,456 दूसरी खुराक 18 से 44 वर्ष आयु समूह को दी जा चुकी है.

मंत्रालय ने कहा कि देश में अब तक कुल 69,45,87,576 प्रथम खुराक और 28,17,04,770 दूसरी खुराक दी गई है. मंत्रालय ने कहा कि देश में कोविड-19 टीकाकरण कवरेज शनिवार को 97.62 करोड़ के आंकड़े को पार कर गया.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.