पटना के मोहम्मद अहमद 20 साल से वध के लिए रावण बना रहे हैं। 2001 से पहले मोहम्मद अहमद के चाचा जमाल हाजी रावण का निर्माण करते थे। दशहरा में सौहार्द का यह प्रतीक सालों से ऐसे ही चलता चला आ रहा है। मोहम्मद अहमद बताते हैं कि अब तक के इतिहास में पहली बार ऐसा हुआ है, जब रावण कोरोना के कारण कमजोर पड़ा है। कोरोना काल से पहले रावण 70 फीट और कुम्भकरण 65 फीट तथा मेघनाथ 60 फीट लंबा बनाते थे। कोरोना काल में रावण की ऊंचाई 15 फीट, कुंभकरण 14 फीट और मेघनाथ की ऊंचाई घटकर 13 फीट हो गई है।
कोरोना के नाश का संकल्प
दशहरा पर इस बार रावण वध के साथ कोरोना का भी वध होगा। कोरोना का वध राम के हाथों कराने का उ्देश्य विश्व में कोरोना का नाश करने को लेकर है। इसलिए ही इस बार कोरोना का भी पुतला बनाया गया है। बुराई पर अच्छाई के विजय के साथ कोरोना के संक्रमण पर विजय की भी कामना है।


कोरोना का पुतला।
मोहम्मद अहमद का कहना है कि पहले रावण का वध करने के लिए बड़ा विस्फोट कराना होता था, लेकिन इस बार वध में 20 पटाखा (हाइड्रो) रावण में लगाया गया है, जबकि 15-15 मेघनाथ और कुम्भकरण में लगाया गया है। कम पटाखा लगाने के पीछे यही उद्देश्य है कि इसकी आग इधर उधर नहीं फैले।

9 दिनों तक चलने वाली रामलीला 66 साल में पहली बार 5 घंटे पूरी की गई है।

66 साल में पहली बार रामलीला सिमटी
पटना में 66 साल से रामलीला हो रही है। 9 दिनों तक रामलीला चलती है और 10वें दिन दशानन का वध किया जाता था। इस बार 9 दिनों की रामलीला को 5 घंटे में सिमटा दिया गया है। शुक्रवार को होने वाले रावण वध से पहले गुरुवार की शाम 5 घंटे में रामलीला का मंचन पूरा कर लिया गया है। 9 दिनों तक चलने वाली रामलीला 66 साल में पहली बार 5 घंटे में पूरी की गई है। हालांकि 5 घंटे में ही बिहार के कलाकारों ने दर्शकों का मन मोह लिया है।
पहली बार बिहार के कलाकारों ने रामलीला का मंचन किया है, इसके पहले बाहर से कलाकार आते थे। राम विवाह से लेकर वनवास तक की पूरी कथा को बड़े अच्छे ढंग से प्रस्तुत किया गया है। रामलीला का शुभारंभ हनुमान जी की आरती से किया गया है।

रावण वध के लिए सुरक्षा का खास इंतजाम
रावध वध को लेकर सुरक्षा का खास इंतजाम किया गया है। गुरुवार की शाम पुलिस अधिकारियों ने भी मौके का जायजा लिया है और सुरक्षा का इंतजाम देखा है। आस पास की सुरक्षा को लेकर पुख्ता इंतजाम किया गया है। एम्बुलेंस के साथ फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को लगाया गया है। सुरक्षा को लेकर पुख्ता इंतजाम किया गया है। शुक्रवार की शाम 4 से 5 के बीच कालीदास रंगालय में रावण वध का कार्यक्रम होगा।



Leave a Reply