3 साल 10 महीने बाद बिहार आ रहे लालू यादव का RJD ने भव्य तरीके से स्वागत करने का प्लान बनाया है। जानकारी के अनुसार, पार्टी पटना के वीरचंद पटेल रोड स्थित मुख्यालय को आर्टिस्टिक लुक दे रही है। यहां 6 टन का लालटेन लगाया जा रहा है, जो पार्टी का चुनाव चिह्न है। इसकी लौ हमेशा जलती रहेगी, यानी 24 घंटे यह लालटेन जलता रहेगा।
जानकारी है कि एक-दो दिन के अंदर पत्थर से बना यह लालटेन कार्यालय में स्थापित हो जाएगा। इसके लिए खुदाई भी की जा रही है।

तैयारी पर जगदानंद की नजर
बताया जाता है कि अनुशासन के साथ-साथ सौंदर्य बोध पर पार्टी का फोकस तब से तेज हुआ है, जब से प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह बने हैं। पहले जिस तरह से RJD कार्यालय उजड़े चमन सा दिखता था, अब उसके उलट है। यहां कतार से सजे गमलों में खिले हुए फूल दिखते हैं। कांफ्रेंस रूम भी खूबसूरत फॉल्स सीलिंग वाला बनाया गया है। प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह जिस नफासत के साथ रहते हैं, उसी सौंदर्य बोध के साथ पार्टी कार्यालय को भी सजा रहे हैं। पार्टी कार्यालय का गेट खास अवसर पर ही खुलता है। बाकी समय इतनी ही जगह आने-जाने की रहती है, जिससे एक बार में एक-दो व्यक्ति आ जा सके।

जगदानंद दो दर्जन CCTV कैमरों से पार्टी ऑफिस को हमेशा देखते रहते हैं, पर गार्ड को भी हिदायत है कि वह किसी असामाजिक तत्व को अंदर न आने दें।
उपचुनाव में करेंगे प्रचार
बता दें, तारापुर और कुशेश्वरस्थान विधानसभा उपचुनाव में प्रचार करने RJD सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के पटना आने की बात कही जा रही है। भाई वीरेंद्र ने कहा था- ‘लालू यादव 20 अक्टूबर को पटना आएंगे।’ इस बीच कहा जा रहा है कि वह 25 और 26 अक्टूबर को दोनों विधानसभा क्षेत्रों में चुनाव प्रचार कर सकते हैं। लालू चारा घोटाले से जुड़े एक केस में 23 दिसंबर 2017 को जेल गए थे। 17 अप्रैल 2021 को बेल मिल गई है, लेकिन इसके बाद वह बेटी मीसा भारती के दिल्ली स्थित आवास पर स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं। अब तक पटना नहीं आ सके हैं।



Leave a Reply