कोरोना ने दुर्गा पूजा आयोजन की भव्यवता को भले ही कम कर दिया है लेकिन इस बार भी सालों से चल आ रही परंपरा को मनाने की तैयारी पटना के लोगों ने कर ली है। इस बार भी विजयादशमी के दिन रावण वध का कार्यक्रम होगा। इस बार ये गांधी मैदान में नही बल्कि कालीदास रंगालय में होगा।
दशहरा कमिटी की तरफ से होनेवाले इस को कोरोना संक्रमण की वजह से सीमित कर दिया गया है। कमिटी जिला प्रशासन से अनुमति लेकर कोविड नियमों का पालन करते हुए रावण वध कार्यक्रम का आयोजन करेगी। दशहरा कमिटी के आयोजक कमल नोपानी के मुताबिक, आयोजन गांधी मैदान नहीं बल्कि कालीदास रंगालय में होगा। आयोजन स्थल छोटा होने के कारण शहर के लोग सीधे तो रावण वध नही देख सकेंगे लेकिन कमिटी की तरफ से सोशल मीडिया के जरिए रावण वध का कार्यक्रम दिखाने का प्रबंध किया जा रहा है। इसके साथ ही कालीदास रंगालय में रामलीला का भी आयोजन किया जाएगा । इसके लिए 150 पास बांटे जाएंगे ।

90 फीट का रावण इसबार होगा 15 फीट का, कुंभकर्ण और मेघनाथ के साथ जलेगा कोरोना
दशहरा कमिटी की तरफ से रावण वध आयोजन के लिए रावण, कुंभकर्ण और मेघनाथ का पुतला तैयार करवाया जा रहा है। आयोजन स्थल के आकार को देखते हुए इसबार इन पुतलों का आकार छोटा हो गया है। कमल नोपानी के अनुसार 90 फीट तक उंचा रहनेवाले रावण का पुतला इस बार 15 फीट का होगा। कुंभकर्ण के पुतले का आकार 13 फीट होगा जबकि मेघनाथ के पुतले का आकार 12 फीट ही होगा। सबसे खास है इस बार इन तीनों पुतलों के आलावा रावण वध में एक और पुतला जलाया जाएगा और वो होगा 10 फीट का कोरोना का पुतला।

इन सभी पुतलों का दहन विजयादशमी के दिन होगा। इसबार इस आयोजन में ना दर्शकों की उपस्थिति होगी और ना खास लोगों की। इसबार सिर्फ दशहरा कमिटी के लोग और कलाकार ही रावण वध के समय आयोजन स्थल पर होंगे। व्यवस्था के मुताबिक आमलोग घर से ही सोशल मीडिया के जरिये ये सारा आयोजन देख सकेंगे।




Leave a Reply