Breaking News

बिहार के इस जिले में 100% वैक्सीनेशन के लिए घर-घर जाकर बनेगी लिस्ट, मिशन मोड में होगा काम

नवादा के डीएम यशपाल मीणा ने कहा है कि शत-प्रतिशत कोविड वैक्सीनेशन के लिए घर-घर जा कर सूची बनाएं। जो अभी तक वैक्सीन नहीं ले सके हैं, उनका टीकाकरण सुनिश्चित कराएं। समाहरणालय सभागार में हुई मैराथन बैठक में डीएम ने कहा कि जिन व्यक्तियों ने अब तक टीकाकरण नहीं कराया है, उनके लिए यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

शनिवार को आईसीडीएस, आपूर्ति, जीविका, स्वास्थ्य आदि विभागों के अधिकारियों के साथ एक समीक्षात्मक बैठक में यह निर्देश दिया गया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि जो व्यक्ति अभी तक टीका नहीं लिए हैं उनके घरों में जाकर उनकी सूची बनाएं और 10 और 11 अक्टूबर को विशेष मिशन मोड में टीकाकरण कराना सुनिश्चित करें, अन्यथा इसमें लापरवाही करने वाले अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। 

उन्होंने कहा कि अब तक की 61 प्रतिशत व्यक्तियों का टीकाकरण किया जा चुका है जो कि लक्ष्य से काफी कम है। दो दिनों के अंदर 10 से 15 फीसदी टीकाकरण में वृद्धि करने के लिए कई आवश्यक निर्देश दिए गए। टीकाकरण में नवादा सदर 82 प्रतिशत, काशीचक 76 फीसदी और हिसुआ 72 फीसदी टीकाकरण अब तक कराया जा चुका है। अकबरपुर में 45 फीसदी, सिरदला में 49 फीसदी और रोह में 50 फीसदी व्यक्तियों का टीकाकरण किया जा चुका है। 

जिले की कुल आबादी 15,45,000 है, जिसमें प्रथम टीका 9,42,653 व्यक्तियों को दिया जा चुका है। अभी जिले में 6,02,347 व्यक्तियों का टीकाकरण किया जाना शेष है। जिलाधिकारी ने डीपीओ आईसीडीएस, जिला शिक्षा अधिकारी डीपीएम जीविका को स्पष्ट निर्देश दिया कि दो दिनों के अंदर सभी लाभुकों की सूची बनाएं और विशेष मिशन मोड में टीकाकरण कराना सुनिश्चित करें। 

कल 187 पंचायतों में डीलर द्वारा विशेष टेंट लगाया जाएगा जिसमें सभी लाभुकों की सूची बनाकर टीकाकरण कराया जाएगा। शिक्षा विभाग के द्वारा भी 132 टीका केंद्र खोलने के लिए मांग की गयी है, जिसके लिए जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिया कि सभी अंकित स्थानों पर टीकाकरण कराएं। 

रविवार सुबह 7 बजे से ही टीकाकर्मी और स्वास्थ्यकर्मी टीकाकरण कार्य को संपन्न कराने के लिए उपस्थित रहेंगे। इस बैठक में एसडीओ उमेश कुमार भारती, डीपीआरओ सत्येंद्र प्रसाद, डीआईओ अशोक कुमार, जिला आपूर्ति पदाधिकारी प्रभाकर, आईसीडीएस डीपीओ कुमारी रीता सिन्हा आदि शामिल रहे।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.