नौबतपुर प्रखंड की 19 पंचायत क्षेत्र के 100 गांव में स्थित 247 वार्ड हैं। जिला परिषद सदस्य, मुखिया, पंच, सरपंच सहित 560 पदों के चुनाव को लेकर प्रचार-प्रसार तेजी से चल रहा है। लेकिन, विकास की बात करें, तो अधिकांश पंचायत से जुड़े गांवों की तस्वीर कमोबेश एक ही जैसी है।
क्षतिग्रस्त सड़क, टूटी नाली, पेयजल के अभाव के साथ ही अधिकांश घरों में शौचालय की सुविधा का न होना। दैनिक भास्कर टीम ने नौबतपुर प्रखंड की 12 पंचायत में विकास की वास्तविक स्थित पड़ताल की। जहां पर नाली, सड़क के साथ राशन कार्ड, पीने के लिए पानी, शौचालय, स्वास्थ्य, पढ़ाई सहित दूसरी अनेक समस्या है।
अजवा पंचायत के अजवा गांव में स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पिछले 25 वर्षों से एक कमरे में चल रहा है। जबकि, उसके लिए 2001 में ही नया भवन बन करके तैयार है। वहीं पर पुनपुन नदी के किनारे स्थित वारर पंचायत के छक्कन बिगहा गांव में साल में पांच महीने स्कूल में पानी भरा रहता है। जिससे बच्चों को पढ़ाई मे परेशानी होती है।
5 पंचायत को जोड़ने वाली सड़क पर चार वर्ष से जलजमाव: दस हजार लोग पर आवाजाही का संकट
फरीदपुर पंचायत के शहर रामपुर गांव में एक वर्ष पहले सामुदायिक शौचालय का निर्माण किया गया है। 8 शीट वाले शौचालय में न तो पानी की व्यवस्था है और न ही लाइट। स्थानीय शिव पूजन शर्मा का कहना है कि शौचालय के साथ टंकी का निर्माण नहीं होने से उसका इस्तेमाल नहीं हो रहा है। बीडीओ-सीओ के साथ ही कई बार मुखिया मौके पर पहुंचे, लेकिन कुछ नहीं हुआ। वहीं पर अनिल कुमार का कहना है कि पांच पंचायतों को जोड़ने वाले पोस्ट ऑफिस से ठाकुरबाड़ी मंदिर तक की सड़क पर चार वर्षों से जलजमाव है।
अधिकांश जगहों पर लिंक रोड टूटा
नौबतपुर पंचायत के अधिकांश गांवों के लोगों को मुख्य सड़क तक आवाजाही में परेशानी होती है। अधिकांश लिंकरोड टूटा है। खजुरी पंचायत के करदहा, मित्तनचक, खैरा, करदहा सहित सात गांवों को जोड़ने वाली सड़क पूरी तरह से क्षतिग्रस्त है। इससे बारिश के बाद 10 हजार लोगों की आवाजाही पूरी तरह से बंद हो जाता है। 12 वर्ष पहले सड़क का निर्माण हुआ था।
सड़क पर गड्ढे vs गड्ढे में सड़क
खजुरी पंचायत के करदहा, मित्तनचक, खैरा, करदहा आदि गांवों को जोड़ने वाली सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त है। रख-रखाव न होने और हर साल बाढ़ का पानी चढ़ने से बदहाल।



- पिछले 25 वर्षों से एक कमरे में ही चल रहा स्वास्थ्य केंद्र
- छक्कन बिगहा में साल में पांच माह स्कूल में जलजमाव
टंकी जमीन पर, सप्लाई बाधित
नौबतपुर के लगभग सभी पंचायत में नल-जल योजना के तहत वाटर सप्लाई के लिए पाइप लाइन बिछाई गई है। लेकिन, अधिकांश जगहों पर टंकी ही नहीं बना है। वारर पंचायत के छक्कन बिगहा में पाइन बिछाने के बाद भी पानी की सप्लाई नहीं हो रही है। टंकी भी पूरी तरह से क्षतिग्रस्त है।

जनता परेशान
5 बेडों का अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पंचायत भवन के एक कमरे में 25 वर्षों से चार एएनएम के भरोसे है। जबकि, वहां पर दो डॉक्टर सहित 20 कर्मियों की नियुक्ति है। स्वास्थ्य केंद्र का नया भवन 20 वर्ष पहले बन कर तैयार हुआ है। लेकिन, सरकारी उदासीनता से स्वास्थ्य केंद्र नए भवन में शिफ्ट नहीं हुआ।



Leave a Reply