बिहार पंचायत चुनाव के दूसरे चरण के लिए सुबह 7 बजे से मतदान जारी है। मतदाता शाम के पांच बजे तक अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकते हैं। दूसरे चरण में 34 जिलों के 48 प्रखंडों में वोट डाले जा रहे हैं। राज्य निर्वाचन आयोग ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हुए हैं। बायोमेट्रिक सत्यापन के लिए मतदाताओं का डाटा अपलोड किया जा चुका है।
सुबह से ही मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की लंबी लाइन नजर आ रही है। बक्सर जिले में जीउतिया पर्व के ऊपर मतदान भारी पड़ता हुआ दिख रहा है। महिलाओं का कहना है कि वे वोट देने के बाद जीउतिया की पूजा करेंगी। कई जगहों पर ईवीएम में खामी के कारण मतदान बाधित हुआ। तो वहीं राजपुर में बायोमेट्रिक सिस्टम फेल हो गया।
4 प्रखंडों के 297 बूथ पर सुरक्षा के बीच मतदान शुरू
दूसरे चरण के तहत कटिहार जिले के 4 प्रखंडों में बुधवार को सुबह 7 बजे से ही सुरक्षा व्यवस्था के बीच पंचायत चुनाव के लिए मतदान शुरू हो गया। सनद रहे कि इस बार जिला परिषद, मुखिया, पंचायत समिति एवं वार्ड सदस्य प्रत्याशी का चुनाव ईवीएम से तथा पंच एवं सरपंच का चुनाव मत पत्रों के माध्यम से हो रहा है।



सुबह से ही मतदाता अपने-अपने मतदान केंद्रों पर पहुंचकर कतार बद्ध हो गए। कुर्सेला, कटिहार, हसनगंज एवं डंडखोरा प्रखंड के 297 मतदान केंद्रों पर 160423 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। जिसमें 80564 पुरुष 79952 महिला व सात अन्य मतदाता हैं।
बुधवार को हो रहे मतदान में 34 जिला परिषद सदस्य के प्रत्याशी सहित कुल 2302 प्रत्याशी भाग्य आजमा रहे हैं। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी उदयन मिश्र के निर्देश पर सभी प्रखंडों में सेक्टर दंडाधिकारी जोनल दंडाधिकारी के साथ भारी संख्या में सुरक्षाबलों की तैनाती की गई है।
वहीं कटिहार से जोड़ने वाली भागलपुर सहित अन्य जिले की सीमाओं को सील कर दिया गया है। राष्ट्रीय उच्च पथ 31 एवं स्टेट हाईवे 77 पर पुलिस गश्ती तेज कर दी गई है। मतदान केंद्रों पर मतदान पदाधिकारी के अलावा पोलिंग एजेंट को वैध कागजात के साथ जाने की अनुमति है।
नक्सल प्रभावित बंबर प्रखंड में लगी वोटर्स की लंबी लाइन
पंचायत चुनाव के दूसरे चरण में मुंगेर के टेटिया बंबर प्रखंड में मतदान जारी है। टेटिया बंबर प्रखंड नक्सल प्रभावित है। यहां के मध्य विद्यालय देवघरा स्थित मतदान केंद्र में वोट देने के लिए कतार में खड़ी महिलाएं।
कई जगहों पर बाधित हुआ मतदान
अररिया जिले के भरगामा प्रखंड के खजूरी में बैलेट पर सरपंच पद के चुनाव चिह्न व क्रम गलत होने के कारण बूथ संख्या 158 पर ग्रामीण वोट नहीं डाल सके। वहीं मनुल्लाहपट्टी में बूथ 144 पर ईवीएम में खराबी के कारण मतदान बाधित रहा। बूथ नंबर 82 रघुनाथपुर पंचायत भवन में जिला परिषद के बैलेट यूनिट में खराबी के कारण मतदान बाधित है।

दूसरे चरण का मतदान शुरू, कुछ जगहों पर ईवीएम में शिकायत
पंचायत चुनाव के दूसरे चरण का मतदान शुरू हो गया है। भागलपुर जिले के जगदीशपुर प्रखंड के 208 मतदान केंद्रों पर वोटिंग हो रही है। मतदान को लेकर लोगों में खासा उत्साह है। कई बूथों पर महिलाओं की लंबी कतार लगी हुई है। जिला नियंत्रण कक्ष के अनुसार सुबह आठ बजे तक करीब चार प्रतिशत मतदान हुआ था।
मॉक पोल के बाद मतदान शुरू हुआ। अभी तक 10 मतदान केंद्रों पर ईवीएम में गड़बड़ी की शिकायत मिली है। संबंधित केंद्रों पर ईवीएम बदला गया है। जगदीशपुर के मध्य विद्यालय बलुआचक के बूथ संख्या 99 और 102 की सभी ईवीएम खराब होने से मतदान बाधित हुआ। अंगारी के बूथ संख्या 181 में एक ईवीम में खराबी पायी गयी। मतदान को लेकर सुरक्षा की विशेष व्यवस्था की गयी है।
राजपुर में लगी है वोटर्स की लंबी लाइन
राजपुर प्रखंड की बूथ संख्या 34 पर मतदाताओं की लंबी कतार लगी हुई है। यहां मतदाताओं के लिए छावनी की व्यवस्था नहीं होने के कारण उन्हें लंबी लाइन लगाकर वोट देना पड़ रहा है।
जमीन पर बैठे मतदानकर्मी
मतदान की दुरुस्त तैयारी और प्रशासनिक दावे की पोल खोलने के लिए यह तस्वीर काफी है। यह तस्वीर अररिया जिले के भरगामा प्रखंड के रघुनाथपुर दक्षिण वार्ड नं- 01 के बूथ नं- 87 की है। यह बहियार के बीच है। चारो तरफ धान का खेत है। उपस्कर व अन्य साधनों के अभाव में मतदान कर्मी जमीन पर बैठकर मतदान कर रहे हैं। हालांकि बाद में ग्रामीणों ने कुछ बेंच व कुर्सी उपलब्ध कराई।

विजयीपुर की 13 पंचायतों में जारी है मतदान
गोपालगंज जिले के विजयीपुर प्रखंड की 13 पंचायतों में मतदान जारी है। सुबह से ही मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की कतार लगी हुई है। प्रखंड के दो जिप सदस्य, तेरह मुखिया, उन्नीस पंचायत समिति सदस्य, बारह सरपंच सहित कुल 319 पदों के लिए वोट डाले जा रहे हैं। चुनाव के मद्देनजर यूपी सीमा को सील कर दिया गया है। सभी मतदान केंद्रों पर पुलिस के जवान तैनात किए गए हैं। डीएम व एसपी प्रखंड मुख्यालय में कैंप कर रहे हैं।
राजपुर में फेल हुआ बायोमेट्रिक सिस्टम
राजपुर में बायोमेट्रिक सिस्टम फेल हो गए हैं। यहां मतदान की गति धीमी है। बूथ संख्या 34 पर कुल 707 मतदाता हैं। इनमें से केवल 49 लोगों ने ही वोट डाले हैं।

बांका जिले के बांका प्रखंड की 16 पंचायतों में शुरू हुआ मतदान
बांका जिला के बांका प्रखंड की कुल 16 पंचायतों में बुधवार की सुबह 7 बजे से मतदान शुरू हो चुका है। कई बूथों पर ईवीएम में गड़बड़ी के कारण कुछ लेट से मतदान शुरू हुआ। सभी जगह मतदाताओं की लंबी लाइन दिख रही है मतदान को लेकर प्रशासन पूरी तरह चौकस है। कुछ जगह से लोगों की प्रशासन को शिकायत आ रही है।
प्रखंड के छत्रपाल पंचायत के मतदान केंद्र संख्या 149 पर आंगनवाड़ी सेविका के द्वारा कुछ मतदाताओं को जबरन एक निश्चित बटन दबाने का दबाव दिया जा रहा है। इसको लेकर ग्रामीणों ने विरोध जताया। ग्रामीणों ने बताया कि उक्त आंगनवाड़ी सेविका एक मुखिया उम्मीदवार की रिश्तेदार है। मामले को लेकर अपर समाहर्ता माधव कुमार सिंह ने संज्ञान लेते हुए इस पर तुरंत कार्रवाई का निर्देश दिया है।
कौआकोल में देर से शुरू हुआ मतदान
नवादा जिले के कौआकोल में मतदान देर से शुरू हुआ।
सीवान में जारी है मतदान
सीवान जिले के सदर प्रखंड के बूथ संख्या 249 पचलखी पंचायत पर जारी है मतदान
जीउतिया पर्व पर भारी पड़ा महिलाओं का जज्बा
दूसरे चरण में बक्सर जिले में हो रहे पंचायत चुनाव में जीउतियां पर्व पर महिलाओं का जज्बा भारी दिख रहा है। सुबह से ही हर मतदान केंद्र पर लंबी-लंबी कतारें लगी हैं। कजरिया, खरहना, राजपुर, धनसोई आदि बूथों पर महिलाओं की भीड़ उमड़ी हुई है। महिला वोटरों का कहना है कि गांव की सरकार बन रही है तो देरी काहे करेंगे। पहले वोट देने के बाद ही जीउतिया की पूजा की जाएगी।
लाइन में खड़ीं महिला वोटर्स
भोजपुर जिले के पीरो ब्लॉक के पचरुखिया गांव में महिला वोटर्स कतार में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार कर रही हैं। जितिया व्रत को लेकर सुबह में ही महिलाओं की लंबी कतार लगी हुई है।
कड़ी सुरक्षा के बीच भरगामा प्रखंड में मतदान शुरू
कड़ी सुरक्षा के बीच अररिया जिले के भरगामा के 20 पंचायतों में मतदान शुरू हो गया। सभी 283 बूथों पर समय से पहले ही वोटर पहुंच चुके थे। कमोबेश हर बूथ पर वोटरों की लंबी कतार देखी गयी। गांव की सरकार चुनने के लिए महिलाओं व युवकों में काफी उत्सुकता दिखी। भरगामा प्रखंड के 20 पंचायत के 1.63 वोटर 2482 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे।
पूर्णिया में शुरू हुआ मतदान
पूर्णिया के बनमनखी प्रखंड में मतदान शुरू हो गया है। आज 361 बूथों पर 2826 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला होगा। प्रखंड में 1 लाख 88 हजार से अधिक मतदाता हैं।
अरवल सदर प्रखंड में शुरू हुआ मतदान
अरवल सदर प्रखंड के मुखिया समेत अन्य पदों के चुनाव को लेकर सुबह सात बजे से मतदान शुरू हुआ। अरवल सदर प्रखंड में जिला पार्षद के दो पदों के लिए मतदान हो रहा है। अरवल के प्यारे चेक, हसनपुर मतदान केंद्रों पर वोट देने के लिए महिलाओं की भीड़ लगी है। पुलिस चौकसी बरत रही है। जहानाबाद जिले के घोसी प्रखंड के 8 पंचायतों में मतदान चल रहा है।
राजपुर में चुनाव शुरू होते ही सुबह से घनघनाने लगीं कंट्रोल रूम में घंटियां
आज से बक्सर जिले में पंचायत चुनाव के लिए नियंत्रण कक्ष सक्रिय हो गया है। सुबह से ही कंट्रोल रूम की घंटियां घनघनाने लगीं। समाहरणालय परिसर स्थित कोषागार कार्यालय प्रथम तल पर जिला आपदा शाखा में कार्यरत है। इसके लिए 24 घंटे पालीवार कर्मी काम कर रहे हैं।
इन नंबरों पर करें शिकायत
पांच टेलीफोन नंबर क्रमशः 06183-299941, 06183-299942, 06183-223333, 06183-299943, 06183-299946 नंबर जारी किया गया है। इन नंबरों पर कॉल कर मतदान से संबंधित किसी भी तरह की गड़बड़ी की शिकायत या सूचना आम जन से लेकर बूथ पर कार्यरत कर्मी भी दे रहे हैं। मौजूद नियंत्रण कक्ष को मिलने वाली हर शिकायत को रजिस्टर में समय के साथ दर्ज करेंगे।
कंट्रोल रूम की संपूर्ण जिम्मेदारी तरणी कुमारी जिला प्रोग्राम पदाधिकारी (आईसीडीएस) एवं पूनम कुमारी सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा कोषांग बक्सर को दी गई है। जिला सूचना जनसंपर्क पदाधिकारी विनोद कुमार ने बताया कि आज से चार और अतिरिक्त नंबर 24 घंटे नियंत्रण कक्ष मे काम कर रहे हैं। यह कंट्रोल रूम 29 सितंबर को ईवीएम जमा करने तक सक्रिय रहेगा।
बक्सर जिले के राजपुर की 19 पंचायतों के 577 पदों के लिए मतदान शुरू
बक्सर जिले में पंचायत चुनाव का आज आगाज आज हो गया है। 577 पदों के लिए राजपुर प्रखंड में मतदान शुरू हो गया है। राजपुर मे 6 पदों के लिए 2107 उम्मीदवार मैदान में हैं। आज इनके भाग्य का फैसला 156146 मतदाता करेंगे। राजपुर में होने वाले 19 पंचायतों के लिए चुनाव को लेकर पहली बार ईवीएम और मत पेटिकाओं से भी चुनाव कराया जा रहा है। सुबह 6 बजे से ही महिला व पुरुष बूथों पर पहुंच गए हैं। मतदान केंद्र संख्या- 129, मध्य विद्यालय हरपुर पर तो सुबह से ही मतदाता आने लगे हैं।



Leave a Reply