पटना सहित देश के 141 शहरों में जेल से लेकर अस्पताल की रसोई की हाईजीन ऑडिट होगी। इस ऑडिट में 85 प्रतिशत से कम रैंक वालों की मुश्किल बढ़ सकती है। पटना ने ईट स्मार्ट सिटी चैलेंज को स्वीकार करने के बाद ऑडिट की तैयारी तेज कर दी है। निगम का कहना है कि ईट (EAT) स्मार्ट सिटीज चैलेंज के तहत खाद्य संरक्षा आयुक्त बिहार एवं पटना स्मार्ट सिटी लिमिटेड द्वारा संयुक्त रूप से पटना के सभी जेलों में बनने वाले खाने की हाइजीन ऑडिट का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है अब अस्पतालों में भी रसोई की जांच जारी है।
जानिए क्या है ईट राइट कैंपस
स्मार्ट सिटी मिशन एवं फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड ऑथरिटी ऑफ इंडिया (FSSAI) द्वारा संयुक्त रूप से देश भर में स्मार्ट सिटीज चैलेंज का आयोजन किया गया है जिसमें पटना स्मार्ट सिटी लिमिटेड समेत देश के कुल 141 शहरों ने भाग लिया है। चैलेंज के अंतर्गत शहर के कम से कम चार कैंपस (शैक्षणिक, कार्यालय, जेल, अस्पताल आदि) जहां खाद्य सामग्री बनाने, खिलाने की व्यवस्था है, उनकी हाईजीन ऑडिट कराई जा रही है। ऑडिट में कम से कम 85 फीसदी अंक अनिवार्य है। अंक के आधार पर FSSAI द्वारा संबंधित कैंपस को ईट राइट कैंपस घोषित किया जा रहा है। करीब 115 मापदंडों पर परिसर में स्थित रसोई, पैंट्री एवं डाइनिंग एरिया की हाईजीन ऑडिट की जाएगी। ऑडिट रिपोर्ट के आधार पर संबंधित परिसर को ईट राइट कैंपस का प्रमाण पत्र निर्गत किया जाएगा जो यह प्रमाणित करेगा कि संबंधित परिसर में मिलने वाला खाना पूर्ण रूप से स्वच्छ एवं स्वास्थ्य वर्धक है।

बिहार के सभी जेलों में ऑडिट
स्वास्थ्यवर्धक, शुद्ध एवं संवहनीय खान पान को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ईट स्मार्ट सिटीज चैलेंज (Eat Smart Cities Challenge) के अंतर्गत खाद्य संरक्षा आयुक्त, बिहार एवं पटना स्मार्ट सिटी लिमिटेड द्वारा संयुक्त रूप से विभिन्न परिसरों की हाईजीन ऑडिट कराए जाने के क्रम में कारा महानिरीक्षक मिथलेश मिश्र के साथ अफसरों का मंथन हुआ है। इसमें पटना समेत राज्य के सभी जेलों को ईट राइट कैंपस सर्टिफिकेशन के लिए आवश्यक कार्रवाई अविलंब प्रारंभ करने के निर्देश दिए गए गए हैं। इसके साथ ही विशेषज्ञों द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उक्त सर्टिफिकेशन से संबंधित जानकारी भी दी गई।
पटना की जेलों में होगी रसोई ऑडिट
कारा महानिरीक्षक की पहल पर पटना समेत राज्य के सभी जेलों को ईट राइट कैंपस घोषित कराने की कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है। गुरुवार को खाद्य सुरक्षा अधिकारी अजय कुमार पटना स्मार्ट सिटी लिमिटेड के अधिकारी एवं हाइजीन ऑडिटर द्वारा अस्पताल की डाइटरी का निरीक्षण किया गया। देशभर के कई प्रतिष्ठानों लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी (मसूरी), आईआईटी गांधी नगर, आईआईएम अहमदाबाद समेत कई परिसरों को ईट राइट कैंपस घोषित किया जा चुका है। उक्त प्रमाण पत्र के लिए सरकारी कार्यालय, शैक्षणिक संस्थान, कॉर्पोरेट, अस्पताल एवं चिकित्सा केंद्र, जेल, टी बगान श्रेणी में आने वाले प्रतिष्ठान आवेदन कर सकते हैं।



Leave a Reply