BIHARBreaking NewsSTATE

बिहार में जल्‍द सस्‍ता होगा बालू, 1 अक्‍टूबर से रेत खनन शुरू होने की उम्‍मीद

पटना. बिहार के विनिर्माण क्षेत्र और आमलोगों के लिए राहत वाली खबर है. प्रदेश मं जल्‍द ही बालू (रेत) के दाम कम होने की उम्‍मीद है. बिहार के खान मंत्री जनक राम ने भरोसा दिया है कि 1 अक्‍टूबर से रेत खनन का कार्य शुरू हो जाएगा. इसके साथ ही आमलोगां को सरकारी कीमत पर बालू मिलने लगेगा. बता दें कि रेत खनन पर रोक के चलते लोगों को काफी ज्‍यादा कीमत पर बालू खरीदना पड़ रहा है. इसके साथ ही रेत की कालाबाजारी भी जोरों पर है. रेत माफिया अनाप-शनाप पैसों पर बालू बेच रहे हैं. बालू का खनन कार्य शुरू होने पर जहां एक तरफ आमलोगों को राहत मिलेगी, वहीं कालाबाजारी पर भी रोक लगाने में मदद मिलेगी.

बिहार के खान मंत्री जनक राम ने न्‍यूज 18 को बताया कि 1 अक्‍टूबर से बाललू का खनन कार्य प्रारंभ किया जा सकता है. जनक राम ने बताया की मुख्यमंत्री आवास में खान विभाग की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक हुई, जिसमें जल्‍द से जल्‍द बालू खनन शुरू करने और अवैध बालू खनन पर रोक लगाने के तरीकों पर चर्चा हुई. इसके साथ ही दूसरे राज्‍यों से आने वाले अवैध बालू पर रोक लगाने पर विचार किया गया. उन्‍होंने बताया कि बैठक में यह तय किया गया कि रेत खनन का काम जल्‍द से जल्‍द शुरू किया जाए. उन्‍होंने बताया कि खान विभाग को उम्मीद है कि बालू खनन का काम 1 अक्‍टूबर से शुरू हो जाएगा, जिसके बाद लोगों को सरकारी दर पर बाज़ार भाव से बेहद सस्ते में बालू मिलने लगेगा.

बरसात के मौसम में रेत खनन पर रोक
दरअसल, बरसात में रेत खनन पर रोक लगा दिया गया था, जिसकी वजह से बालू की भारी क़िल्लत हो रही थी. मार्केट में अवैध तरिके से काफ़ी महंगे रेट पर बालू मिल रहा था. इससे आमलोग के साथ ही विनिर्माण उद्योग से जुड़े लोग भी खासे परेशान थे. खान विभाग सरकारी रेट पर बालू बेच रहा था, लेकिन ढुलाई लेकर वो भी काफी महंगा मिल रहा था. लोगों को आसानी से उपलब्ध भी नहीं हो पा रहा था. इसकी वजह से निर्माण कार्य भी बेहद धीमा हो गया था.

सीएम नीतीश बोले- अवैध खनन पर हो सख्‍ती
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने खान विभाग की समीक्षा बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्देश भी दिए. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि बिहार से झारखंड के अलग होने के बाद बालू को ही राजस्व का एक मुख्य स्रोत माना जाता था. सरकार में आने के बाद हमारी सरकार ने सभी क्षेत्रों में विकास का काम किया है, जिससे राजस्व के कई स्रोत बढ़े हैं. उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं को बालू आसानी से उचित कीमत पर प्राप्त हो सके, इसके लिए विभाग लगातार प्रयास करे, ताकि लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो. उन्‍होंने कहा कि पर्यावरण एवं पारिस्थितिकी संतुलन को ध्यान में रखते हुए सभी काम किए जाएं. सीएम ने कहा कि खान विभाग अवैध खनन पर कठोरता से अंकुश लगाए और इसमें संलग्न लोगों पर कठोर कानूनी कार्रवाई करे.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.