Breaking NewsNational

Coronavirus In India: 24 घंटे में आए 26,964 नए मामले, 383 लोग कोविड से हारे जंग

नई दिल्ली. देश में कोरोना वायरस संक्रमण के नए मामलों में उतार चढ़ाव का क्रम जारी है. केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय ने बुधवार को बताया कि देश में बीते 24 घंटे में 26,964 नए मामले पाए. इस समयावधि में 383 लोग कोविड से जंग हार गए जबकि 34,167 लोग रिकवर होकर घर लौट गए. मंत्रालय के अनुसार देश में फिलहाल 3,01,989 एक्टिव केस है, जबकि अब तक 3,27,83,741 लोग डिस्चार्ज हो चुके हैं. वहीं 4,45,768 लोगों की मौ’त हो चुकी है. Mohfw के अनुसार देश में अब तक कोरोना के कुल मामले 33,085,730 हो चुके हैं. नए मामले पाए जाने के बाद एक्टिव केस में 7,586 मामलों की कमी दर्ज की गई है. उधर ICMR के अनुसार देश में मंगलवार को 15,92,395 सैंपल्स की जांच हुई. अब तक 55,67,54,282 सैंपल्स की जांच हो चुकी है.

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने मंगलवार को बताया कि देश में अब तक कोविड-19 टीकों की 82,65,15,75 खुराक दी जा चुकी है. मंत्रालय ने बताया कि मंगलवार को 75,57,529 टीके लगाए गए. मंत्रालय ने कहा कि देश में सबसे कमजोर आबादी समूहों को कोविड से बचाने के लिए एक औजार के तौर पर टीकाकरण अभियान की नियमित समीक्षा की जाती है और उच्चतम स्तर पर निगरानी की जाती है. अब तक 61,49,67,986 को पहली खुराक और 21,09,08,670 को दूसरी खुराक दी जा चुकी है.

देशव्यापी टीकाकरण अभियान 16 जनवरी को शुरू किया गया था और पहले चरण में स्वास्थ्य कर्मियों के टीकाकरण पर बल दिया गया था. अग्रिम पंक्ति के कार्यकर्ताओं के लिए टीकाकरण दो फरवरी से शुरू हुआ था. टीकाकरण का अगला चरण एक मार्च से 60 वर्ष से अधिक आयु के लोगों तथा 45 वर्ष और उससे अधिक आयु के वैसे लोगों के लिए शुरू हुआ, जो किसी अन्य बीमारी से पीड़ित थे. देश में एक अप्रैल से 45 वर्ष से अधिक आयु के सभी लोगों के लिए टीकाकरण शुरू किया गया. उसके बाद सरकार ने एक मई से 18 वर्ष से ऊपर के सभी लोगों को टीकाकरण की अनुमति देकर टीकाकरण अभियान का विस्तार करने का फैसला किया.

केरल में कोविड-19 के 15768 नये मामले सामने आये, 214 मरीजों की मौत
केरल में मंगलवार को कोविड-19 के 15,768 नये मामले सामने आये जबकि संक्रमण से प्रदेश में 214 लोगों की मौत हो गई . इसके साथ ही प्रदेश में संक्रमितों की कुल संख्या 45,39,953 जबकि मरने वालों की तादाद 23,897 हो गई है. एक सरकारी बयान में इसकी जानकारी दी गई है.

बयान में कहा गया है कि सोमवार से प्रदेश में संक्रमण से 21,367 लोग ठीक हुये हैं, जिसके बाद प्रदेश में अब तक कोविड-19 बीमारी से स्वस्थ हो चुके लोगों की संख्या बढ़ कर 43,54,264 पर पहुंच चुकी है . बयान के मुताबिक, प्रदेश में उपचाराधीन मरीजों की संख्या 1,61,195 है.

छत्तीसगढ़ में कोविड-19 के 26 नए मामले
छत्तीसगढ़ में पिछले 24 घंटों के दौरान कोरोना वायरस से 26 और लोगों के संक्रमित होने की पुष्टि हुई है. इसके साथ ही राज्य में मंगलवार तक कोविड-19 की चपेट में आने वालों की कुल संख्या 10,05,120 हो गई है. राज्य के बेमेतरा जिले में छह स्कूली छात्रों में कोरोना वायरस संक्रमण की पुष्टि होने के बाद दो स्कूलों को रविवार तक बंद कर दिया गया है. राज्य के स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि नौ लोगों को संक्रमण मुक्त होने के बाद अस्पतालों से छुट्टी दी गई है, वहीं 17 लोगों ने घर में पृथक-वास की अवधि पूरी की. राज्य में मंगलवार को कोरोना वायरस से संक्रमित किसी भी मरीज की मृत्यु नहीं हुई है.

अधिकारियों ने बताया कि आज संक्रमण के 26 नए मामले आए हैं. इनमें रायपुर से एक, दुर्ग से एक, बेमेतरा से दो, धमतरी से एक, महासमुंद से पांच, बिलासपुर से दो, रायगढ़ से एक, कोरबा से चार, जशपुर से एक, कोंडागांव से एक, दंतेवाड़ा से तीन, कांकेर से दो, बीाजपुर से एक और अन्य राज्य से एक मामला है.

उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ में अब तक 10,05,120 लोगों के संक्रमित होने की पुष्टि हुई है, जिनमें से 9,91,260 मरीज इलाज के बाद संक्रमण मुक्त हो गए हैं. राज्य में 297 मरीज उपचाराधीन हैं. राज्य में वायरस से संक्रमित 13,563 लोगों की मौत हुई है. राज्य के रायपुर जिले में सबसे अधिक 1,57,915 लोगों में कोरोना वायरस संक्रमण की पुष्टि की गई है. जिले में कोरोना वायरस संक्रमित 3,139 लोगों की मौत हुई है.

राज्य के बेमेतरा जिले में छह छात्रों में कोरोना वायरस की पुष्टि होने के बाद दो स्कूलों को बंद कर दिया गया है. बेमेतरा के जिलाधिकारी भोसकर विलास संदिपान ने बताया कि जिले के साजा शहर के एक स्कूल में छह छात्रों में कोरोना वायरस संक्रमण की पुष्टि होने के बाद दो स्कूलों को बंद कर दिया गया है.

वहीं साजा शहर के एक सरकारी स्कूल में छह छात्रों के संक्रमित होने की जानकारी मिली थी. बाद में उस स्कूल को तथा करीब के एक अन्य स्कूल को रविवार तक बंद रखने का फैसला किया गया है. स्कूल के सभी छात्रों और संक्रमित छात्रों के संपर्क में आने वाले लोगों के नमूनों की जांच की जा रही है.

महाराष्ट्र में कोविड-19 के 3,131 नये मामले, 70 मरीजों की मौत
महाराष्ट्र में मंगलवार को कोविड-19 के 3,131 नये मामले सामने आने के साथ कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 65,27,629 हो गई जबकि 70 और मरीजों की मौत होने से मृतकों की तादाद 1,38,616 तक पहुंच गई है. राज्य के स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी. उन्होंने बताया कि बीते 24 घंटे में 4,021 मरीजों के संक्रमण से उबरने की पुष्टि हुई है जिसके बाद संक्रमण मुक्त होने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 63,44,744 हो गई है.

महाराष्ट्र में कोविड-19 के उपचाराधीन मरीजों की संख्या 40,712 हो गई है. संक्रमण से ठीक होने की दर 97.2 प्रतिशत हो गई है जबकि मृत्यु दर 2.12 प्रतिशत है. सोमवार की अपेक्षा संक्रमण के दैनिक नये मामलों और मृतकों की संख्या में इजाफा हुआ है. सोमवार को कोविड-19 के 2,583 नये मामले सामने आए थे और 28 मरीजों की मौत हुई थी. अधिकारी के मुताबिक महाराष्ट्र में अब तक 5,73,07,825 नमूनों की कोविड-19 जांच की गई है, जिसमें से 1,43,424 नमूनों की जांच बीते 24 घंटे में की गई.

धुले, हिंगोली, नांदेड़, अकोला, अमरावती, यवतमाल, भंडारा और चंद्रपुर जिले में बीते 24 घंटे में कोरोना वायरस संक्रमण का कोई नया मामला सामने नहीं आया. अहमदनगर जिले में सर्वाधिक 588 नये मामले सामने आए. अहमदनगर जिले में ही बीते 24 घंटे के दौरान सर्वाधिक 21 मरीजों की मौत हुई. राजधानी मुंबई में इस दौरान कोविड-19 के 357 नये मामले सामने आए जबकि एक मरीज की मौत हो गई.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.