BIHARBreaking NewsSTATE

बिहार में कल से तेज होगा बारिश का सिलसिला, कोलकाता केंद्र ने जारी किया अलर्ट

बिहार में मानसून की बारिश पूरे सितंबर तक होते रहेगी। मानसून की ट्रफ लाइन अभी राज्‍य से काफी दूर होने के कारण फिलहाल बारिश का सिलसिला थोड़ा कम जरूर हुआ है, लेकिन बंद नहीं हुआ है। पश्‍च‍िम बंगाल के कोलकाता स्थित क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से राज्‍य में बुधवार के लिए बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं दिल्‍ली के राष्‍ट्रीय मौसम विज्ञान केंद्र से जारी राष्‍ट्रीय पूर्वानुमान में आज यानी मंगलवार को बिहार के कई हिस्‍सों में तूफान के साथ वज्रपात की आशंका जाहिर की गई है। पूर्वानुमान के अनुसार मंगलवार को यानी आज राज्‍य के कुछ हिस्‍सों में हल्‍की बारिश हो सकती है। बुधवार और गुरुवार को अधिक स्‍थानों पर बारिश के आसार हैं। बारिश की तीव्रता हल्‍की से मध्‍यम दर्जे की हो सकती है।

पटना केंद्र ने इन जिलों में बारिश का जारी किया पूर्वानुमान

मौसम विभाग के पटना केंद्र के अनुसार 22 सितंबर यानी बुधवार को पटना, गया, नालंदा, शेखपुरा,  नवादा, बेगूसराय, लखीसराय, जहानाबाद, बक्सर, भोजपुर, रोहतास, भभुआ, औरंगाबाद और अरवल जिले के कई हिस्‍सों में बारिश हो सकती है। वहीं 23 सितंबर यानी गुरुवार को पश्‍च‍िम चंपारण, सि‍वान, सारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीतामढी, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, वैशाली, शिवहर और समस्तीपुर में बारिश के आसार अधिक हैं। हालांकि पटना केंद्र ने अगले 24 सितंबर तक के लिए बिहार के किसी जिले के लिए कोई भी अलर्ट जारी नहीं किया है।

झारखंड से सटे इलाकों में दिख सकता अधिक असर

कोलकाता केंद्र ने पड़ोसी राज्‍य झारखंड के लिए मंगलवार और बुधवार दोनों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इसका असर झारखंड से सटे बिहार के जिलों में भी देखने को मिल सकता है। मानसून की ट्रफ लाइन फि‍लहाल डाल्‍टनगंज, रीवा, ललितपुर, कोटा आदि शहरों से होकर गुजर रही है। वहीं बंगाल के आसपास कम दबाव का एक क्षेत्र भी बना हुआ है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.