Breaking NewsNational

Happy Birthday PM Modi: गरीबों को राशन, रक्तदान, रिकॉर्ड टीकाकरण, PM मोदी के जन्मदिन पर BJP का मेगा प्लान तैयार

नई दिल्ली. भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) के 71वें जन्मदिन के मेगा सेलिब्रेशन की योजना बनाई है. इस मौके पर पार्टी ‘सेवा और समर्पण अभियान’ (Seva aur Samarpan Abhiyan) नाम से 20 दिनों का विशाल अभियान चलाएगी. इस कार्यक्रम का आयोजन 17 सितंबर से लेकर 7 अक्टूबर तक जारी रहेगा. इस पूरे आयोजन को लेकर पार्टी के शीर्ष नेतृत्व की तरफ से कैडर को कई तरह के निर्देश दिए गए हैं. बीजेपी ने शुक्रवार को रिकॉर्ड तोड़ टीकाकरण का लक्ष्य रखा है.

इस खास मौके पर पार्टी हाईकमान ने कैडर को एक दिन में 1.5 करोड़ टीकाकरण, स्वास्थ्य और रक्तदान शिविर, गरीबों को राशन वितरण और पीएम मोदी को मिले तोहफों की ई-नीलामी करने के निर्देश दिए हैं. शुक्रवार को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा मोदी की दो दशकों की राजनीतिक यात्रा पूरी करने के मौके पर एक चित्र प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगे. पीएम मोदी के 2014 में कार्यालय संभालने के बाद ही बीजेपी उनके जन्मदिन को ‘सेवा दिवस’ के रूप में मनाती है और पूरे हफ्ते जन कल्याण गतिविधियां करती है. इस बार कार्यक्रम को 20 दिनों तक बढ़ाया गया है.

भाषा के अनुसार, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने बृहस्पतिवार को देशवासियों से अपील की कि वे अपने परिजन एवं प्रियजन को टीका लगवाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उनके जन्मदिन का उपहार दें. मांडविया ने ट्वीट किया , ‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सबके लिए नि:शुल्क टीका मुहैया कराकर देश को सौगात दी है.’ उन्होंने कहा, ‘हम सबके प्रिय प्रधानमंत्री जी का कल जन्मदिन है, आइए ‘वैक्सीन सेवा’ कर उन अपनों, परिजनों और समाज के सभी तबकों को टीका लगवाने में मदद करें, जिनका टीकाकरण नहीं हुआ है और यह प्रधानमंत्री के लिए जन्मदिन का उपहार होगा.’

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अभियान के तहत जरूरतमंदों के बीच पीएम मोदी की तस्वीर के साथ 14 करोड़ राशन के थैले वितरित किए जाएंगे. वहीं, बीजेपी के करीब 5 करोड़ बूथ कार्यकर्ता पीएम मोदी के जनसेवा की बात बताते हुए पोस्टकार्ड भेजेंगे. हिंदुस्तान टाइम्स के अनुसार, एक बीजेपी पदाधिकारी ने बताया कि कैडर को कम से कम 10 लोगों को टीकाकरण के लिए प्रोत्साहित करने का काम भी दिया गया है. उन्होंने कहा ‘कार्यकर्ताओं को टीके को लेकर संकोच दूर करने और अपने-अपने इलाकों में लोगों का टीकाकरण सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है.’

Comment here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.