कंकड़बाग थाना प्रभारी रविशंकर सिंह के मुताबिक पकड़ा गया आरोपित नवादा के हिसुआ का रहनेवाला अविनाश कुमार है। उसके कब्जे से एटीएम में लगाया जाने वाला ब्लेड, पेचकश तथा मोबाइल भी पुलिस ने जब्त किया है। पूछताछ के बाद केस दर्ज कर पुलिस ने उसे जेल भेज दिया। पुलिस उसके बैंक खातों की जांच करेगी। जांच में खाते में रकम मिलने पर पुलिस खाता फ्रीज भी कराएगी।
ऐसे पकड़ा गया शातिर
कंकड़बाग थाना प्रभारी के मुताबिक शिवाजी पार्क के पास स्थित केनरा बैंक के एटीएम में शातिर शनिवार की देर रात घुसा था। पुलिस क्षेत्र में गश्ती कर रही थी। तभी पुलिस को देखकर शातिर हक्का-बक्का हो गया और भागने लगा। शक होने पर पीछा कर पुलिस ने उसे धर-दबोचा। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से पेचकश, ब्लेड व मोबाइल बरामद हुआ। सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपित ने बताया कि बैंकों के एटीएम में ब्लेड लगाकर ग्राहकों का पैसा उड़ाता है। उसके द्वारा पटना, नवादा, वैशाली समेत कई जिलों में इस वारदात को अंजाम दिया गया है।


ब्लेड लगाने पर एटीएम में फंस जाती है रकम
पुलिस को शातिर ने बताया कि एटीएम में रकम की निकासी की प्रक्रिया पूरी करने के बाद नोट बाहर आती है। नोट बाहर आने के रास्ते पर इस ब्लेड को फिट कर दिया जाता है। ऐसे में एटीएम से निकलने वाली नोटें बाहर आने के बजाए ब्लेड में फंस जाती है। नोट बाहर नहीं आती जबकि ग्राहक के खाते से रकम कट जाती है व बैंक के साथ ग्राहक के मोबाइल पर रकम कटने का मैसेज आ जाता है। ग्राहक इसे बैंक की गड़बड़ी मानकर बैंक में शिकायत करने चला जाता है। एटीएम से ग्राहक के बाहर आने के बाद ब्लेड को निकालकर उसमें फंसी रकम वह उड़ा देता था।

एटीएम से पैसे निकालने में बरतें सावधानी
एटीएम से पैसे निकालते समय बेहद सावधानी बरतने की जरूरत है। दरअसल, साइबर अपराधी सक्रिय हो गए हैं। उनके द्वारा एटीएम कार्ड का क्लोन बनाकर, एटीएम में चिप, डिवाइस व ब्लेड लगाकर रुपयों की निकासी की जा रही है। हाल में ऐसी कई घटनाएं सामने आई हैं लेकिन पुलिस महज एफआईआर दर्ज करने तक ही सीमित है। एक दो मामलों को छोड़कर पुलिस अन्य वारदातों में अब तक किसी अपराधी को गिरफ्तार नहीं कर सकी है।




Leave a Reply