नई दिल्ली. भारत में मंगलवार को अब तक एक दिन के लिहाज से सबसे ज्यादा कोविड-19 वैक्सीनेशन हुआ है. आज शाम 6 बजे तक 1 करोड़ 8 लाख 83 हजार 963 टीके लगे हैं, जो कि अब तक का सबसे उच्चतम आंकड़ा है. आज के वैक्सीनेशन के आंकड़े और बढ़ सकते हैं. ऐसा दूसरी बार हुआ जब एक दिन में 1 करोड़ से ज्यादा टीके लगाए गए है. इससे पहले 27 अगस्त को 1 करोड़ 3 लाख 35 हजार 290 टीके लगे थे. देश में बृहस्पतिवार सुबह तक कोविड-19 रोधी टीकों की कुल 64.05 करोड़ खुराक दी जा चुकी हैं.
टीकाकरण में भारत पहले पायदान पर
दैनिक टीकाकरण के लिहाज से भारत पूरी दुनिया में पहले पायदान पर है, जबकि दूसरे नंबर पर ब्राजील का नाम आता है. यहां एक बात गौर करने लायक है कि भारत में हर रोज लगने वाले 74.09 लाख वैक्सीन की तुलना में ब्राजील प्रतिदिन इसकी एक चौथाई से भी कम करीब 17.04 लाख वैक्सीन लगा रहा है. भारत ने महज 114 दिनों में 17 करोड़ वैक्सीन डोज लगाए थे, जो कि एक विश्व रिकॉर्ड है. इतनी ही खुराक देने में अमेरिका को 115 दिन, जबकि चीन को 119 दिन लगे थे.

दूसरी ओर, भारत में एक दिन में कोविड-19 के 30,941 नए मामले सामने आने के बाद देश में कोरोना वायरस संक्रमितों की संख्या बढ़कर 3,27,68,880 हो गई. वहीं, उपचाराधीन मरीजों की संख्या कम होकर 3,70,640 हो गई है. केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से मंगलवार सुबह आठ बजे जारी किए गए आंकड़ों के अनुसार, संक्रमण से 350 और लोगों की मौत के बाद मृतक संख्या बढ़कर 4,38,560 हो गई.

देश में अभी 3,70,640 लोगों का कोरोना वायरस संक्रमण का इलाज चल रहा है, जो कुल मामलों का 1.13 प्रतिशत है। मरीजों के ठीक होने की राष्ट्रीय दर 97.53 प्रतिशत है. आंकड़ों के अनुसार, देश में अभी तक कुल 52,15,41,098 नमूनों की कोविड-19 संबंधी जांच की गई है, जिनमें से 13,94,573 नमूनों की जांच सोमवार को की गई.

दैनिक संक्रमण दर 2.22 प्रतिशत है. वहीं, साप्ताहिक संक्रमण दर 2.51 प्रतिशत है, जो पिछले 67 दिन से तीन प्रतिशत से कम है. देश में अभी तक कुल 3,19,59,680 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं और कोविड-19 मृत्यु दर 1.34 प्रतिशत है.




Comment here