BIHARBreaking NewsSTATE

प्राइवेट स्कूल बंद होने से 6 लाख शिक्षक-कर्मचारी सड़क पर, बिहार में चरम पर बेरोजगारी

भाकपा-माले राज्य सचिव कुणाल ने कोरोना काल में एक रिपोर्ट के मुताबिक असंगठित क्षेत्र में 14.25 लाख और संगठित सेक्टर में 60 हजार नौकरियों की समाप्ति पर गहरी चिंता व्यक्त की है। निजी स्कूलों के बन्द होने से 6 लाख शिक्षक-कर्मचारी भी विगत एक साल से सड़क पर हैं और उनका परिवार भुखमरी की स्थिति में है। यह बेहद चिंताजनक है। कोरोना और लॉकडाउन के कारण बेरोजगारी बिहार में चरम पर पहुंच गई। ग्रामीण इलाकों में भी इसका गहरा असर पड़ा। पर्यटन और सेवा क्षेत्र पूरी तरह से ठप हो गए।

सर्वे ने बताया लोग फिक्स डिपॉजिट भी तोड़ते रहे

सेंटर फॉर इंडियन मोनिटरिंग इकॉनमी के सर्वे के अनुसार अप्रैल-मई 2020 में बेरोजगारी दर 46 प्रतिशत तक पहुंच गई। जून 2021 में भी यह दर 10.50 प्रतिशत से अधिक बनी हुई है। लॉक डाउन का बैंकों की जमा राशि पर भी असर पड़ा। लोग फिक्स डिपॉजिट भी तोड़ते रहे। इसका एक बड़ा कारण कोरोना के कारण कामकाज ठप होना और रोजगार का जाना है। रियल स्टेट में भी दो हजार करोड़ की योजनाओं पर असर पड़ा है और बड़ी संख्या में लोग प्रभावित भी हुए हैं।

राज्य के अंदर रोजगार देने के वादे का क्या हुआ

उन्होंने कहा कि कोरोना काल में नीतीश कुमार ने प्रवासी मजदूरों के लिए राज्य के अंदर ही रोजगार उपलब्ध कराने की बात कही थी। इन आंकड़ों से साफ जाहिर है कि सरकार ने इस दिशा में किसी भी प्रकार का प्रयास नहीं किया। बेरोजगारी बढ़ती गई। लोगों का जीवन दूभर होता गया और सरकार हाथ पर हाथ धरे बैठी रही। अब जबकि स्थिति सामान्य हुई है सरकार को इस दिशा में ठोस व त्वरित कदम उठाना चाहिए, लेकिन सरकार का रवैया ढाक के तीन पात वाला बना हुआ है।

डबल इंजन सरकार ने बिहार को कई वर्ष पीछे धकेला

कहा कि चुनाव के समय भाजपा-जदयू ने 19 लाख रोजगार देने का वादा किया था। यदि वह अपने इस वादे पर अमल करती तो जाहिर है बेरोजगारी की इस भयानक स्थिति में कुछ सुधार होता। ‘डबल इंजन’ की सरकार ने बिहार को कई वर्ष पीछे धकेलने का काम किया है। हमारी मांग है कि अर्थव्यवस्था में गति लाने के लिए सरकार 19 लाख रोजगार उपलब्ध कराने की गारंटी करे। बिहार में इससे कहीं अधिक पद खाली पड़े हैं, फिर सरकार को बहाली करने में क्या परेशानी है? लोगों की क्रय शक्ति बढ़ाने के लिए हमने प्रति परिवार प्रति महीना 10 हजार रुपया देने की मांग की थी, सरकार ने उस पर भी कोई विचार नहीं किया। यदि अर्थव्यवस्था में गति लानी है तो मनरेगा के तहत लोगों को रोजगार देना होगा। आज बिहार में इस स्कीम के तहत कहीं भी रोजगार नहीं मिल रहा है। शहरी इलाकों में भी सरकार मनरेगा की तर्ज पर काम आरम्भ करवाए।

किसानों को 25हजार रुपए प्रति एकड़ की दर से फसल क्षति मुआवजा दे

कुणाल ने कहा कि एक तरफ कोरोना-लॉकडाउन की मार है तो दूसरी ओर बाढ़ ने भी गजब तबाही मचा रखी है। दिल्ली-पटना की सरकार बाढ़ पीड़ितों को राहत पहुंचाने में असफल रही है। फसलें मारी जा चुकी हैं। ऐसे में बेरोजगारी दर कैसे कम होगी? इसलिए सरकार सभी किसानों को 25 हजार रुपये प्रति एकड़ की दर से फसल क्षति मुआवजा भी दे।

Comment here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.