Breaking NewsMUZAFFARPUR

मुजफ्फरपुर : रात 12 बजते चहुंओर गूंजा-जय कन्हैया लाल की..

घड़ी में रात के जैसे ही 12 बजे चारों ओर से नन्द के घर आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की…, हाथी घोड़ा पालकी जय कन्हैया लाल की.. के जयकारे गूंजने लगे। सोमवार को जन्माष्टमी पर भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव मनाया गया। अष्टमी तिथि के रोहणी नक्षत्र में भगवान का जन्म होते ही भक्त खुशी से झूम उठे। गृहस्थ के साथ साधु-संतों ने एक साथ जन्माष्टमी का उपवास रखा था।

मौके पर मंदिरों में भगवान श्रीकृष्ण की मूर्ति को पंचामृत स्नान कर नए वस्त्र पहनाए गए। उसके बाद षोडशोपचार विधि से पूजन कर माखन, मिश्री व अन्य प्रसादों का भोग लगाया गया। महाआरती कर श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। सुबह से उपवास कर रहे श्रद्धालुओं ने जन्मोत्सव के बाद भगवान श्रीकृष्ण को हलवा-पूरी, माखन-मिश्री व मौसमी फलों का भोग लगाने के बाद प्रसाद ग्रहण किया। शहर के मंदिरों में गुब्बारे, फूलों व बिजली के बल्बों से सजाया गया था। भगवान के दर्शन को मंदिरों में भक्तों की भीड़ लगी रही।

हरिसभा चौक स्थित राधाकृष्ण मंदिर में पीतल के राधा-कृष्ण को चांदी के झूले पर बैठाकर श्रद्धालुओं को झांकी दर्शन कराया गया। सुबह से ही दूर-दराज से आये भक्त बासुरी के स्वरूप में भगवान कृष्ण को नरकट का पौधा, फूल व प्रसाद अर्पण कर मन्नत मांगते रहे। शाम होते ही भजन के साथ पूजा-अर्चना की शुरुआत हुई। बाल कृष्ण के रूप में सजे छोटे-बच्चों के साथ माता-पिता व अन्य सदस्यों ने भी भगवान के दर्शन किये। 12 बजकर पांच मिनट पर श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव मनाया गया। यहां पुजारी पंडित रवि झा ने बाल कृष्ण को माखन, मिश्री, फल, मिष्ठान, कलौंजी, साबूदाने की खीर, मखाने की खीर व पंचमेवा आदि का भोग लगाकर आरती की। उधर, साहूपोखर स्थित फलहारी बाबा मठ में सुबह से बाल कृष्ण को झूला में बैठाया गया था। जहां श्रद्धालु आकर पूजा-अर्चना करने के साथ उन्हें झूला झुलाकर आशीर्वाद ले रहे थे। महंत पवन दास ने बताया कि रात 12 बजे खीरे में भगवान कृष्ण का जन्म कराकर जन्मोत्सव मनाया गया। इस दौरान मठ मंदिरों के बाहर मेला में अस्थायी दुकानें भी सजी थीं। इनमें पूजन सामग्री के साथ अन्य चीजें भी बिकी। पुरानी बाजार व माखन साह चौक पर अरुई की जलेबी लेने को भी लोग पहुंचते रहे।

Comment here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.