BIHARBreaking NewsSTATE

उत्तर बिहार में बाढ़:बारिश से हालात बिगड़े गंडक बराज से छाेड़ा 3.57 लाख क्यूसेक पानी, 5 लाख लोग प्रभावित

उत्तर बिहार के बेतिया, समस्तीपुर, सीतामढ़ी और मुजफ्फरपुर समेत अन्य जिलाें में पांच दिनों की बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त है। गंडक, बागमती और बूढ़ी गंडक सहित कई नदियां खतरे के निशान से ऊपर या करीब बह रही हैं। इलाके में 5 लाख से अधिक की आबादी बाढ़ से प्रभावित है। सिर्फ मुजफ्फरपुर जिले की 3 लाख के करीब आबादी बाढ़ से घिरी है।

बेतिया में 24 घंटे में 102.1 एमएम बारिश हुई। कई प्रखंडों में फिर बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हो गई है। वाल्मीकिनगर बराज से दोपहर बाद तक 3 लाख 57 हजार 600 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। इससे गंडक समेत सभी नदियां उफान पर हैं। रामनगर में मसान ने नदी तबाही मचा रही है। दोन कैनाल बांध पांच जगहों पर टूट गया।

सिकटा में सिकटा नदी का पश्चिमी बांध 30 फीट लंबाई में टूट गया। नदी का पानी आसपास के क्षेत्रों में घुस रहा है। योगापट्टी, बैरिया और नौतन में गंडक का पानी बढ़ रहा है। प्रशासन ने तटवर्ती इलाके के लोगों को सुरक्षित स्थान पर जाने की चेतावनी दी है। उधर, समस्तीपुर में बूढ़ी गंडक का जलस्तर बीते 24 घंटाें में 23 सेंटीमीटर बढ़ा है।

बगहा में दरदरी गांव के पास 150 फीट में बांध टूटा
बगहा-2 प्रखंड की नौरंगीया दरदरी पंचायत के घोरौली गांव के 400 घरों में पहाड़ी नदी का पानी घुस गया है। उधर, दरदरी गांव के पास भी 150 फीट की लंबाई में पहाड़ी नदी का बांध ध्वस्त हो गया है। घोरौली के ग्रामीणों ने बताया कि रविवार की देररात गांव के बगल से गुजर रही नदी का जलस्तर अचानक बढ़ा।

उधर, दरदरी के पास रात 10 बजे के बाद बांध कटना शुरू हुआ। रात में ही ग्रामीणाें ने बांध को बचाने का प्रयास शुरू कर दिया। बगहा-2 के सीओ राजीव रंजन श्रीवास्तव ने बताया कि घोरौली गांव में पानी घुसने से काफी नुकसान हुआ है।

सीतामढ़ी में डायवर्सन पर पानी
सीतामढ़ी में बागमती, अधवारा, लालबकेया नदी का जलस्तर खतरे के निशान से 1-1.5 फीट ऊपर है। एनएच-104 के कुम्मा, चंद्रसैना व सोनबरसा के दुलारपुर डायवर्सन पर तीन से चार फीट पानी का बहाव जारी है। उधर, कमला-बलान नदी के आसपास घनश्यामपुर में छह गांवाें की हालत खराब है। झंझारपुर में नदी खतरे के निशान से 1.18 मीटर ऊपर रही।

Comment here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.