BIHARBreaking NewsSTATE

कपिल शर्मा के शो में नजर आएंगे तेजप्रताप, शो की टीम ने साधा था संपर्क, जानें क्या बोलें लालू के लाल..

लालू प्रसाद के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव अब कॉमेडी किंग कपिल शर्मा के शो का हिस्सा हो सकते हैं। उन्होंने शो में जाने के लिए शुरुआती रजामंदी दे दी है। सोनी टीवी के पॉपुलर ‘द कपिल शर्मा शो’ के नए सीजन में तेज प्रताप दिख सकते हैं।

शनिवार को तेज प्रताप ने बताया- ‘शो के लोग अगर फ्लाइट का टिकट भेजते हैं तो गेस्ट बनने के लिए तैयार हूं।’ वह शुक्रवार को ही दिल्ली और फिर वृंदावन होते हुए पटना लौटे हैं। शनिवार अचानक वह राजद कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने मीडिया से बात करते हुए यह जानकारी दी।

तेज प्रताप अपने बयान और व्यवहार के कारण लगातार चर्चा में रहते हैं। हाल में उन्होंने अपने पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह को हिटलर तक कह दिया था, जिसके बाद से पार्टी में लगातार अंतर्विरोध दिख रहा है। इस अंतर्विरोध में उनके अपने छोटे भाई और प्रतिपक्ष के नेता तेजस्वी यादव से भी संबंध खराब होने की चर्चा है। सिर्फ बयान ही नहीं अपने अंदाज से भी वह चर्चा में रहते हैं। कभी भगवान कृष्ण की वेशभूषा में बांसुरी बजाते दिखते हैं तो कभी कोट-पैंट पहनकर मॉडलिंग करने लगते हैं। यही वजह है कि सोशल मीडिया पर भी उनके वीडियोज खूब शेयर किए जाते हैं।

लालू यादव भी जा चुके हैं रियलिटी शो में

लालू प्रसाद यादव भी कई रियलिटी शो और टीवी शो में जा चुके हैं। लालू यादव ‘जीना इसी का नाम है’ जैसे चर्चित शो में अपने पूरे परिवार के साथ जा चुके हैं। शाहरुख खान के शो ‘क्या आप पांचवीं पास से तेज हैं’, ‘सा रे गा मा पा’ और ‘कौन बनेगा करोड़पति’ की हॉट सीट पर भी बैठ चुके हैं।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.