भारत-नेपाल सीमा पर लगाए गए सीमा पीलर को असामाजिक तत्वों ने उखाड़ने का प्रयास किया है। यह घटना भारत-नेपाल सीमा की सुरक्षा में सेंधमारी की कोशिश मानी जा रही है। इस सूचना पर भारत व नेपाल के सुरक्षाकर्मियों व अधिकारियों ने पहुंचकर निरीक्षण किया और दोनों की सहमति से मिट्टी डालकर पीलर को व्यवस्थित किया गया। सीमा पर स्थित रक्सौल वार्ड नंबर 7 प्रेमनगर में नो मेन्स लैण्ड पर भारत की तरफ गाड़े गए 390/27 नंबर के सहायक छोटा पीलर के पास मिट्टी काटकर पीलर को ऊंखाड़ कर फेंकने का प्रयास असामाजिक तत्वों ने किया था। लेकिन उनकी मंशा पूरी नहीं हुई। इस घटना की सूचना स्थानीय ग्रामीणों ने सीमा पर तैनात सीमा सुरक्षा बल को दी।

अधिकारियों ने पहुंच स्थिति का लिया जायजाः
इसके बाद एसएसबी 47 वीं बटालियन हवाई अड्डा के निरीक्षक उदय कुमार सिंह, वीरगंज नेपाल के सशस्त्र सुरक्षा बल के निरीक्षक सूर्यमान बम, रक्सौल अंचलाधिकारी विजय कुमार, हरैया थाना पुलिस के एएसआई राजीव कुमार दल- बल के साथ पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।

इस मामले में दोनों ही देश के अधिकारियों ने कहा कि इस राष्ट्रद्रोही कार्य में शामिल लोगों को चिन्हित कर कार्रवाई की जायेगी। नेपाल के सुरक्षा अधिकारियों ने पीलर उठाने का प्रयास करने वाले असामाजिक तत्वों पर सवाल उठाया कि आखिर पीलर को उखाड़ फेंकने के पीछे उनकी मंशा क्या थी। अधिकारी ने कहा कि नो मेन्स लैण्ड की भूमि हड़पने की योजना के तहत उक्त प्रयास तो नहीं किया गया। इन सभी बिंदुओं पर जांच आवश्यक है। इस संबंध में दोनों देश के अधिकारियों ने इसकी जानकारी उच्चाधिकारियों को भेजने की बात बताई।




Leave a Reply