BIHARBreaking NewsSTATE

पटना: राजद दफ्तर पहुंचे तेजप्रताप, जगदानंद भी मौजूद, दोनों के बीच तल्खी बरकरार, एक-दूसरे से नहीं मिले

राजद विधायक तेजप्रताप यादव शनिवार को पार्टी के प्रदेश कार्यालय पहुंचे। पार्टी प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह भी कार्यालय में ही मौजूद थे लेकिन दोनों के बीच मुलाकात नहीं हुई। पार्टी कार्यालय पहुंचने के बाद तेजप्रताप राजद सुप्रीमो लालू यादव के चैम्बर में चले गए। 

पिछले कई दिनों से तेजप्रताप और जगदानंद सिंह के बीच जुबानी जंग जारी है। रक्षाबंधन के मौके पर तेजस्वी और तेजप्रताप दिल्ली पहुंचे थे। तेजप्रताप दिल्ली से फिर वृंदावन चले गए थे। पटना पहुंचने पर जब पत्रकारों ने तेजप्रताप से आकाश यादव के लोजपा ने शामिल होने को लेकर सवाल किया तो उन्होंने कहा कि यह लोकतंत्र है और लोकतंत्र में सब को आजादी है। 

गौरतलब है कि जगदानंद सिंह से हुए तल्खी के बाद तेजप्रताप यादव नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव से मिलने पहुंचे थे, जहां तेजप्रताप ने तेजस्वी के बेहद करीबी संजय यादव पर दोनों भाइयों के बीच आने का आरोप लगाया था। जबकि तेजस्वी यादव ने कहा था की माता-पिता ने अनुशासन में रहना सिखाने के साथ बड़ों की इज्जत करना भी सिखाया है। वहीं तेजप्रताप ने कहा था की वे पार्टी कार्यालय जायेंगे और वहां जनता दरबार लगायेंगे। इसी कड़ी में आज वे प्रदेश कार्यालय पहुंचे हैं।

बता दें कि राजद को छोड़कर आकाश यादव ने शुक्रवार को लोजपा (पारस गुट) का दामन थाम लिया। इसके साथ ही पार्टी राष्ट्रीय अध्यक्ष व केंद्रीय मंत्री पशुपति कुमार पारस ने उन्हें छात्र लोजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी सौंप दी। इस मौके पर आकाश यादव ने राजद को अलाउद्दीन खिलजी के सिद्धांत पर चलने वाली पार्टी करार दिया और आरोप लगाया कि राजद में तेजस्वी यादव व जगदानंद सिंह के आतंक से सभी परेशान व प्रताड़ित हैं। आकाश यादव ने आगे कहा कि जब मैं छात्र राजद का अध्यक्ष था ही नहीं तो चुनाव आयोग ने उन्हें इस पद पर बताकर स्टार प्रचारक किसने बनवा दिया। 

Comment here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.