बिहार के CM नीतीश कुमार राजगीर में बन रहे जू सफारी का निरीक्षण करने गए थे। इस दौरान जब वह अपने अमले के साथ बस से जा रहे थे। उन्होंने बाघ देखा और उन्होंने बस रुकवा दी। कुछ देर तक बाघ को देखते रहे। नीतीश कुमार ने गुरुवार को जू सफारी राजगीर में जारी विकास कार्यों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के क्रम में अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को पर्यटकों के आवगमन, पशुओं के आवासन एवं खुले में उनके विचरण करने के स्थल, बॉउंड्री वॉल, आगंतुकों के लिए उपलब्ध कराई जा रही जरूरी सुविधाएं एवं उनकी सुरक्षा, जू सफारी के प्रवेश द्वार, एनिमल केज सहित अन्य सभी आवश्यक जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि हम तो चाहते हैं कि लोग जल्द से जल्द यहां आकर जू सफारी का आनंद ले सकें।


जू सफारी प्रांगण में पर्यटकों के लिए चलने वाले वाहन से मुख्यमंत्री ने विकास कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने केज के अंदर विश्राम कर रहे शेर, भालू, तेंदुआ आदि जानवरों के भोजन, इलाज एवं उनके रखरखाव के संबंध में पूरी जानकारी ली। वाहन से भ्रमण के क्रम में मुख्यमंत्री ने जू सफारी परिसर में खुले में विचरण कर रहे बाघ एवं हिरण को काफी निकट से देखा।

जू सफारी परिसर में खुले में विचरण कर रहा बाघ।
पशुओं के स्वास्थ्य का निरंतर ख्याल रखने के निर्देश
अधिकारियों को निर्देश देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जू सफारी के अंदर पशुओं की चिकित्सा के लिए जो चिकित्सक रहेंगे। उनके आवासन का प्रबंध भी सुनिश्चित करें ताकि पशुओं के स्वास्थ्य का निरंतर ख्याल रखा जा सके। उन्होंने कहा कि लोगों को जानवरों से किसी प्रकार का नुकसान न हो, इसके लिए जानवरों को नियंत्रित रखने के लिए पुख्ता प्रबंध भी होना चाहिए। उन्होंने कहा कि 10 प्रतिशत लोग गड़बड़ी करने वाले होते हैं। इसलिए यहां की सुरक्षा चाक-चौबंद होनी चाहिए ताकि गड़बड़ी की कोई गुंजाइश न रहे। छोटी सी गलती भी दुर्घटना का कारण बन सकती है।

जू सफारी में प्रवेश के लिए बिल्डिंग बन रही है
CM ने कहा कि राजगीर में जू और नेचर सफारी बनकर तैयार हो गया है। जू सफारी में प्रवेश के लिए बिल्डिंग बन रही है। उसी को हम देखने आए थे। यह बिल्डिंग जब बन कर तैयार हो जाएगी तो जू सफारी को आम जनता के लिए खोल दिया जाएगा। जू सफारी में कई बाघ और शेर को लाया जा चुका है। आने वाले समय में कुछ और बाघ और शेर लाए जाएंगे। गुरुवार को हमलोगों ने बाघ और शेर को देखा है। उन्होंने कहा कि जू सफारी को लेकर हमने कई सुझाव अधिकारियों को दिए हैं। जू सफारी में जानवर खुले में घूमते रहेंगे और यहां की गाड़ी में बैठकर लोग उसका आनंद उठा सकेंगे। इसको लेकर जू सफारी में सभी तरह की सुरक्षा के प्रबंध किए जा रहे हैं। आने वाले लोगों के लिए भोजन और आपात स्थिति में इलाज की भी व्यवस्था यहां की गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हम तो चाहते हैं कि लोग जल्द से जल्द यहां आकर जू सफारी का आनंद ले सकें।




Comment here