RJD के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह से बुधवार को मीडियाकर्मियों ने लालू प्रसाद की बीमारी से जुड़ा सवाल पूछा। राजद प्रदेश कार्यालय में उन्होंने जवाब दिया कि- पूरा देश ही बीमार है। जगदा बाबू अपने उस बयान से पिछले दिनों भी चर्चा में रहे थे, जिसमें उन्होंने कहा था – हू इज तेज प्रताप? उनका जींस वाला बयान भी खूब वायरल हुआ था।
JDU ने इस तरह से की बयान की व्याख्या
राजद के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंहे के बयान की JDU अलग व्याख्या कर रही है। JDU प्रवक्ता और पूर्व मंत्री नीरज कुमार ने कहा है कि कोर्ट में लालू प्रसाद के वकील ने जमानत मांगते समय लालू प्रसाद की सेहत खराब होने का हवाला दिया था। अब जब लालू प्रसाद रुटीन चेकअप के लिए दिल्ली एम्स गए तो जगदानंद सिंह ने यह कहकर उनका उपहास किया है कि पूरा देश ही बीमार है। नीरज कुमार ने आगे कहा कि बीमारी के आधार पर जमानत लेने पर ही जगदानंद सिंह ने सवालिया निशान खड़ा कर दिया है।

लोगों की भावनाओं से जुड़े सवाल का ऐसा जवाब क्यों ?
लालू प्रसाद की सेहत के बारे में अगर जगदा बाबू से पूछा गया तो बतौर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष वे गंभीरता से इस पर विस्तार से जानकारी दे सकते थे। लालू प्रसाद के शुभचिंतकों की बड़ी संख्या देश भर में है और लोग जानना चाहते हैं कि उनकी तबीयत कैसी है? यह लोगों की भावना से जुड़ा सवाल था। जानकारी है कि जगदा बाबू की बातचीत भी लालू प्रसाद से होती है। लालू प्रसाद से बातचीत के बाद ही उनकी ताजा नाराजगी दूर हुई है, नहीं तो पार्टी ऑफिस में तेजप्रताप यादव द्वारा दिए गए हिटलर वाले बयान ने उन्हें खूब आहत किया था।

बुधवार को एम्स पहुंचे लालू प्रसाद
बुधवार को राजद सुप्रीम लालू प्रसाद हेल्थ चेक अप के लिए दिल्ली एम्स में भर्ती हुए थे। लालू के एम्स जाने की खबर से राजद कार्यकर्ताओं की चिंता बढ़ गई थी। हालांकि, राजद सुप्रीमो कुछ घंटों के बाद ही अपनी बेटी मीसा भारती के दिल्ली स्थित आवास पर आ गए। डॉक्टरों ने इसे रूटीन चेक अप का हिस्सा बताया। साथ ही कहा था कि सब ठीक है। लालू प्रसाद इन दिनों बड़ी बेटी और राजद सांसद मीसा भारती के घर पर ही रह रहे हैं।




Leave a Reply