BIHARBreaking NewsSTATE

तेज प्रताप बोले- पार्टी में होगी महाभारत, तेजस्वी ने दिया ये जवाब

आरजेडी में अंदरूनी तौर पर पिछले कुछ दिनों से खींचतान का माहौल है. तेज प्रताप यादव लगातार कुछ वरिष्ठ नेताओं के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं. वहीं अब उन्होंने पार्टी के अंदर महाभारत होने की चेतावनी भी दे डाली. इस बात पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से जातीय जनगणना के मुद्दे पर दिल्ली मिलने पहुंचे तेजस्वी यादव भी असहज दिखे. हालांकि उन्होंने इस बात पर कहा कि पार्टी के कुछ अंदरूनी मामले हैं जिनका समाधान भी जल्द ही होगा. बातों बातों में लेकिन उन्होंने एक बात साफ कर दी कि किसी भी दल में अनुशासन होना जरूरी है.
उल्लेखनीय है कि पिछले कुछ दिनों से आरजेडी में तेज प्रताप यादव के हमलों और आरोपों से तेजस्वी यादव असहज हैं. इस मुद्दे पर बार-बार वे एक ही बात दोहरा रहे हैं कि ये अंदरूनी मामला है और इसका समाधान निकाल लिया जाएगा.

दिनकर की कविता से दी चेतावनी
वहीं तेज प्रताप यादव ने अपनी फेसबुक वॉल पर रामधारी सिंह दिनकर की कविता कृष्‍ण की चेतावनी पोस्ट कर पार्टी के अंदर महाभारत जल्द ही होने का ऐलान किया. दरअसल तेज प्रताप यादव पार्टी के वरिष्ठ नेता जगदानंद सिंह और तेजप्रताप यादव के सहयोगी संजय यादव के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है.

रक्षाबंधन पर साथ नहीं दिखे तेज प्रताप और तेजस्वी
रक्षाबंधन के मौके पर दोनों भाइयों ने बहनों से राखी बंधवा ली और दोनों ने सोशल मीडिया पर तस्वीरें भी साझा कीं. लेकिन इन सब के बीच बड़ी बात ये रही कि तेज प्रताप यादव और तेजस्वी यादव की एक भी तस्वीर इस मौके पर साथ में देखने को नहीं मिली. इससे साफ है कि अंदर खाने कुछ खटपट तो है और परिवार ने अब तक इस समस्या का समाधान नहीं निकाला है. हालांकि तेजस्वी लगातार समस्या का सामाधान करने की उम्मीद जता रहे हैं. बिहार के सर्वदलीय दलों के प्रतिनिधिमंडल के साथ प्रधानमंत्री से मिलकर जातिगत जनगणना पर भले ही तेजस्वी यादव ने विपक्ष की एकजुटता सत्ता पक्ष के साथ दिखाई है लेकिन पार्टी और परिवार के अंदर तेजप्रताप यादव के साथ एकजुटता नहीं दिखाई दे रही है.

Comment here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.