बिहार में आज रक्षाबंधन का त्योहार पूरे उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। इस खास मौके पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (Bihar CM Nitish Kumar) ने प्रदेशवासियों को बधाई दी है। रविवार को रक्षाबंधन के दिन लड़कियों व महिलाओं को सिटी बसों में सफर के लिए कोई किराया नहीं देना होगा। बिहार राज्य पथ परिवहन निगम (Bihar State Transport Corporation) की बसों में महिलाओं को सुबह सात बजे से रात्रि 8:30 बजे तक मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलेगी। पटना के अलावा मुजफ्फरपुर, गया और दरभंगा के शहरी क्षेत्रों में भी रक्षाबंधन पर्व के मौके पर महिलाओं व लड़कियों से बसों में यात्री किराया न लेने का निर्देश दिया गया है।

पटना की 125 बसों में मिलेगी सुविध
रक्षाबंधन के मौके पर महिलाओं और युवतियों से किराया नहीं लेने के बाबत बिहार राज्य पथ परिवहन निगम के प्रशासक की ओर से पटना, मुजफ्फरपुर, गया और दरभंगा के क्षेत्रीय प्रबंधन को पत्र लिखकर विस्तृत निर्देश जारी किया गया है। निगम के द्वारा राजधानी पटना में कुल 125 सिटी सर्विस की बसों का परिचालन किया जा रहा है। इसमें 70 बसें सीएनजी और 14 इलेक्ट्रिक बसें हैं। इन सभी बसों में महिलाओं को निशुल्क सुविधा मिलेगी।

मासिक पास में भी मिलती है छूट
सिटी बसों में सफर के लिए महिलाओं को अन्य दिनों में भी मासिक पास में विशेष छूट दी जा रही है। इसके साथ ही सभी बसों में 65 फीसद सीटें भी महिलाओं के लिए आरक्षित की गई हैं, ताकि वह प्रोत्साहित हों। महिलाओं की सुरक्षित यात्रा के लिए बसों में सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को रक्षाबंधन की बधाई दी
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने बधाई संदेश में कहा कि रक्षाबंधन भाई-बहन के बीच प्यार एवं स्नेह का त्योहार है। रक्षाबंधन के दिन बहनें अपने भाई की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधती हैं और बदले में भाई जीवन भर उनकी रक्षा करने का वचन देते हैं। राज्य सरकार महिलाओं की सुरक्षा एवं महिला सशक्तीकरण के लिए प्रतिबद्ध है। हम सभी को महिलाओं की सुरक्षा एवं उनके सशक्तीकरण का संकल्प लेना चाहिए।




Leave a Reply