BIHARBreaking NewsSTATE

मुजफ्फरपुर : तीन माह से जलजमाव की दुर्दशा झेल रहे शहरवासी सड़कों पर उतरे, निगम को चेताया

तीन माह से जलजमाव झेल रहे लोगों का आक्रोश शनिवार को फूट पड़ा। चतुर्भुज स्थान चौक को जाम कर निगम प्रशासन के खिलाफ लोगों ने जमकर प्रदर्शन किया। मौके पर पहुंची पुलिस को भी आक्रोश का सामना करना पड़ा। सिटी मैनेजर ने प्रदर्शनकारियों काे 24 घंटे में मालीघाट तक नाला सफाई का आश्वासन दिया तब लाेग शांत हुए। लोगों की शिकायत है कि कालीबाड़ी रोड, बालाजी हनुमान मंदिर गली, श्री कृष्ण श्याम मार्ग, श्री रामशीष मार्ग, श्री राम कॉलोनी रोड में 3 माह से लोग जलजमाव से परेशान हैं। पानी सड़ने से पैरों में खुजली हो रही है। निगम को कोई मतलब नहीं है।

अब इस इलाके के लोग निगम को टैक्स नहीं देंगे। लोगों का आराेप है कि नाले की सफाई नहीं कराने का नतीजा ही जलजमाव है। सूचना पर पहुंची मिठनपुरा थाने की पुलिस काे भी विरोध झेलना पड़ा। एसडीओ पूर्वी के हस्तक्षेप पर सिटी मैनेजर ओमप्रकाश मौके पर पहुंचे। उनसे लोगों ने तीखे सवाल किए, फिर आश्वासन पर छोड़ा। योगेश कुमार टिंकू ने बताया कि निगम अधिकारी को यहां लोगों की समस्या जाननी चाहिए।

मोतीझील व कल्याणी में रोड जाम कर नगर निगम के खिलाफ प्रदर्शन

लंबे समय से जलजमाव झेल रहे मोतीझील, कल्याणी के कारोबारियों और स्थानीय लोगों का आक्रोश भी फूट पड़ा। दोपहर बाद मोतीझील व कल्याणी चौक को जाम कर दुकानदारों और मोहल्लेवासियों ने निगम के खिलाफ प्रदर्शन किया। पांडेय गली के सामने नगर निगम के खिलाफ नारेबाजी कर रहे लाेगाें ने कहा कि 20-22 दिनों से इस रोड में पानी जमा है। नगर निगम में नाला सफाई के नाम पर लूट-खसोट मची हुई है। इस वजह से मोतीझील का पानी नहीं निकल रहा है। कल्याणी चौराहे पर लोगों ने निगम प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कहा कि जलजमाव की वजह से सारा कारोबार चौपट हो गया है। मोतीझील व्यवसायी संघ के अध्यक्ष पूर्व वार्ड पार्षद त्रिभुवन राय उर्फ टुल्लू राय ने कहा कि कारोबार बंद हाे चुका है। निगम प्रशासन को मोतीझील व्यवसायी संघ, बुन्नी बाजार व्यवसायी संघ व पूजा बाजार व्यवसायी संघ ने आवेदन दिया। लेकिन, जलजमाव की समस्या का निदान नहीं हो सका।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.