पटना. बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पटना एयरपोर्ट पर मीडिया से कहा कि जातिगत जनगणना कराये जाने को लेकर हमने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलने का समय मांगा था. पीएम मोदी ने 23 अगस्त को मिलने का समय दिया है. 10 पार्टियों के प्रतिनिधि प्रधानमंत्री से मिलने जा रहे हैं.
बाढ़ प्रभावितों के लिए लगातार काम

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार इन दिनों लगातार बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा कर रहे हैं. वे आज शनिवार को समस्तीपुर के बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा कर पटना एयरपोर्ट पर लौटे थे. पटना लौटे सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए सरकार के द्वारा लगातार काम किया जा रहा है. प्रशासन की व्यवस्था से लोग संतुष्ट हैं. अब गंगा नदी का जलस्तर नीचे जा रहा है, जिससे लोगों को थोड़ी राहत मिली है. इसी बीच, नीतीश कुमार ने जातीय जनगणना के मुद्दे पर कहा कि 10 पार्टियों का एक प्रतिनिधिमंडल 23 अगस्त को प्रधानमंत्री से मिलने जा रहा है.

जातीय जनगणना पर सकारात्मक बात की उम्मीद
सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि अभी हमलोग जातिगत जनगणना कराए जाने की मांग प्रधानमंत्री मोदी से करेंगे. केंद्र सरकार के द्वारा जब तक पूरे देश में जातीय जनगणना नहीं कराई जाती है, तब राज्य सरकार के द्वारा बिहार में जातीय जनगणना कराए जाने पर विचार किया जाएगा. सीएम ने कहा कि सबलोगों की इच्छा है कि एक बार जातीय जनगणना जरूर हो. हम केंद्र से अनुरोध करेंगे, लेकिन निर्णय लेने का उनका अधिकार है. हर पार्टी से एक-एक नेता प्रधानमंत्री से मिलने वाले डेलिगेशन में शामिल हैं. मुझे उम्मीद है इस पर सकारात्मक बातचीत होगी. लेकिन निर्णय लेना प्रधानमंत्री का अधिकार है. यूपी चुनाव पर सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि राष्ट्रीय परिषद की बैठक में इस पर बात हुई है. इसे पार्टी के नेता इसे देख रहे हैं.

नल-जल योजना की होगी समीक्षा
बिहार में हर घर-नल योजना पर सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि काम तेजी से काम हो रहा है. 2016 से काम चल रहा है, कुछ-कुछ जो बचा हुआ है उसपर तेजी से काम किया जाएगा. कुछ दिन पहले तक 90% से अधिक काम पूरा हो चुका था. जल्द ही नल-जल योजना की समीक्षा की जाएगी.





Leave a Reply