RJD में मचे बवाल के बीच तेज प्रताप यादव ने अपनी हत्या की आशंका जताई है। बुधवार रात एक न्यूज चैनल से बातचीत में उन्होंने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह की हैसियत है तो वह उन पर कार्रवाई करें? तेज प्रताप ने आशंका जताई है कि जिस तरह से कार्रवाई हो रही है उस तरह से पार्टी के भीतर उनके विरोधी उनकी हत्या करा सकते हैं। तेज प्रताप के इस बयान के बाद JDU और BJP ने इस विवाद में एंट्री मारी है।
JDU के प्रवक्ता निखिल मंडल ने गुरुवार को तेज प्रताप यादव को भरोसा दिलाया है कि उन्हें डरने की जरूरत नहीं है। सुशासन के राज में तेज प्रताप को पूरी सुरक्षा दी जाएगी। वहीं, BJP के युवा मोर्चा ने तेज प्रताप यादव को BJP में आने का ऑफर दिया है।


क्या है मामला?
दरअसल, बुधवार को RJD छात्र के प्रदेश अध्यक्ष पद से आकाश यादव को हटाने के बाद तेज प्रताप देर रात भड़क गए। उन्होंने राजद के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह पर गंभीर आरोप लगाए। तेज प्रताप यादव ने चुनौती देते हुए कहा है कि अगर जगदा बाबू की हैसियत है तो मुझ पर कार्रवाई करके दिखाएं। तेज प्रताप यादव ने कहा कि जगदानंद सिंह पार्टी में मनमानी कर रहे हैं। उन्होंने एक बड़ा आरोप लगाते हुए यह भी कहा कि उनकी हत्या भी कराई जा सकती है। तेज के मुताबिक जो लोग पार्टी में उनके विरोधी बन कर खड़े हैं, वह हत्या करवा सकते हैं।

सरकार से ले सकते हैं मदद: JDU
JDU के प्रदेश प्रवक्ता निखिल मंडल ने तेज प्रताप यादव के बयान को लेकर कहा कि RJD के अंदर क्या कुछ हो रहा है। इसको लेकर कुछ नहीं कहेंगे। तेज प्रताप यादव दहशत में हैं और उन्हें अपनी हत्या का डर सता रहा है तो वे सरकार से मदद ले सकते हैं। CM नीतीश कुमार के सुशासन की सरकार में तेज प्रताप यादव को कुछ भी नहीं होगा। सरकार उनकी पूरी सुरक्षा करेगी। तेज प्रताप को डरने की जरूरत नही है।

तेज प्रताप से आवेदन देने की मांग
JDU प्रवक्ता निखिल मंडल ने कहा कि बुधवार की देर रात तेज प्रताप यादव ने RJD के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह पर कई सारे आरोप लगाए। इस दौरान उन्होंने ये भी कहा कि उनका मर्डर हो सकता है। उनकी जान को खतरा है। उनकी हत्या भी करवाई जा सकती है। साथ ही साथ उनके सहयोगी का भी मर्डर कराया जा सकता है। इस स्थिति में तेज प्रताप से आग्रह है कि उन्हें कोई खतरा लगता है तो सरकार आपके साथ है। पुलिस प्रशासन आपके साथ है। आप एक आवेदन दीजिए, निश्चित रूप से कार्रवाई होगी। इस प्रकरण के बाद BJP और JDU के नेता काफी सक्रिय हो गए हैं।
तेज को BJP से न्योता
BJYM के प्रदेश प्रवक्ता सन्नी श्रीवास्तव ने गुरुवार को कहा कि तेज प्रताप यादव अपनी पार्टी में असुरक्षित हैं। अपमानित महसूस कर रहे हैं तो वे BJP ज्वाइन कर सकते हैं। यहां उनका पूरा सम्मान होगा। उन्हें BJP में सुरक्षित रखा जाएगा। यदि, वह RJD में अपने आप को संकुचित और पीड़ित समझ रहे हैं तो BJP में वह फ्रीडम के साथ राजनीति कर सकते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नारा है सबका साथ सबका विकास तो उनका भी साथ दिया जाएगा और उनका भी विकास किया जाएगा।




Leave a Reply