बिहार सरकार UPSC और BPSC की तैयारी करने वाली बेटियों के लिए बड़ा फैसला किया है। प्री एग्जाम क्वालीफाई करने वाली बेटियों के लिए 50 हजार से लेकर एक लाख रुपए तक की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की है। सरकार के इस फैसले ने प्रशासनिक सेवा की तैयारी कर रही बेटियों को हौसले का पंख लगा दिया है। प्री क्वालीफाई करने वाली गरीब बेटियां भी अब सरकार से मिली धनराशि से बेहतर कोचिंग कर बिहार का नाम रोशन कर सकती है। सरकार के इस फैसले से सामान्य परिवार की बेटियों में काफी खुशी है।


यूपी के बाद बिहार का दबदबा
UPSC की तैयारी करने वाले उम्मीदवारों में सबसे अधिक उत्तर प्रदेश वाले क्वालीफाई होते हैं जबकि दूसरे नंबर पर बिहार आता है। बिहार के लोग अधिक संख्या में देश के अलग-अलग राज्यों के कैडर से बड़े पदों पर है। प्रशासनिक सेवा की तैयारी कर रहे स्टूडेंट्स का कहना है कि बिहार का नाम हमेशा ऊपर रहा है और आगे भी ऐसा ही होगा। यह सिलसिला चलता रहे इसे लेकर देश के विभिन्न प्रदेशों में तैनात प्रशासनिक अफसर बच्चों को प्री क्वालीफाई करने के बाद गाइड भी करते हैं। इससे बिहार का रिजल्ट अच्छा हो रहा है और देश में अलग पहचान भी बन रही है।

खास वर्ग तक ही सीमित थी प्रोत्साहन राशि
UPSC और BPSC की तैयारी करने वाली महिला उम्मीदवारों के लिए पहले भी प्री एग्जाम क्वालीफाई करने पर प्रोत्साहन राशि की व्यवस्था थी, लेकिन इस खास कैटेगरी की महिला कैंडीडेट्स को दिया जाता था। बिहार सरकार पहले केवल SC/ST और पिछड़े वर्ग के उम्मीदवारों को प्रोत्साहन दिया जा रहा था। अब सामान्य वर्ग की महिलाओं को भी प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। सरकार का फैसला हौसला बढ़ाने वाला है, क्योंकि सामान्य वर्ग की भी बहुत ऐसी महिला कैंडीडेट्स होती हैं जो प्रीे क्वालीफाई करने के बाद पैसे के अभाव अच्छा गाइडेंस नहीं कर पाती हैं।

महिलाओं के लिए CM का बड़ा फैसला
CM नीतीश कुमार का कहना है कि UPSC और BPSC की तैयारी कर रही सभी वर्ग की महिलाओं को प्री एग्जाम पास करने 50 हजार से एक लाख रुपए देने की योजना प्रोत्साहन का काम करेगी। CM का कहना है कि यह निश्चित रूप से सभी जातियों की लड़कियों और महिलाओं को सिविल सेवाओं की तैयारी के लिए प्रोत्साहित करने का काम करेगा और इससे बिहार का नाम देश में बढ़ेगा। महिलाओं की हिस्सेदारी भी बढ़ेगी। बिहार में UPSC और BPSC की तैयार करने वालों में महिलाओं की संख्या अधिक है। बिहार के साथ साथ दिल्ली में भी बेटियां तैयारी के लिए जाती हैं। बिहार सरकार की प्रोत्साहन राशि की घोषणा काफी अहम होगी। CM नीतीश कुमार ने UPSC और BPSC के प्री एग्जाम को पास करने वाली बिहार की सभी महिला कैंडीडेट्स के लिए प्रोत्साहन राशि की व्यवस्था बनाई है। इसमें UPSC पास करने वाली महिला कैंडीडेट्स के एक लाख और BPSC की प्री परीक्षा पास करने वाली महिला कैंडीडेट्स को 50 हजार रुपए दिए जाएंगे। स्वतंत्रता दिवस पर CM की घोषणा के बाद प्रशासनिक सेवा की तैयारी कर रही बिहार की महिलाओं का हौसला बढ़ गया है।




Comment here