नगर निगम शहर से पानी निकाल नहीं पा रहा और बारिश रुक नहीं रही। हर तरफ जलजमाव से त्राहिमाम की स्थिति बनी हुई है। घर, दुकान, अस्पताल, स्कूल समेत अधिकतर कार्यालयाें अथवा परिसर में पानी जमा है। खासकर मिठनपुरा, बेला, बालूघाट समेत कई इलाकाें में ताे मई से ही जलजमाव है। माेतीझील, कल्याणी, स्टेशन राेड समेत अन्य इलाकाें से जब तक पानी निकलता है तब तक बारिश हाे जाती है। सड़काें पर घुटना से ऊपर बारिश-नाले का गंदा पानी जमा हाेने के कारण लाेग घर से निकल नहीं रहे। 25 फीसदी से अधिक दुकानों के शटर नहीं खुल रहे।
जाे दुकानें खुल रहीं वहां ग्राहक नहीं पहुंच रहे। मोतीझील की 90% दुकानाें के शटर नहीं खुले। एक फीट ऊंचाई बढ़ने के बावजूद जवाहरलाल रोड पर पानी चढ़ गया। शहर के कई मोहल्लाें में दूध-सब्जी पहुंचना भी बंद हाे गया है। मोतीझील इलाके को डीएम कोठी के समीप के नाला से जोड़ने की तैयारी है, ताकि सिकंदरपुर की ओर पानी निकल जाए।

परेशान आम लोगों का एक ही सवाल- न निकल पा रहा नगर से पानी, न उठ रहा कचरा; आखिर क्या कर रहा है निगम का अमला
इधर से गुजरना भी मुश्किल
मिठनपुरा बैंकर्स कॉलोनी, दास कॉलोनी व हाजी काॅलाेनी में कमर तक पानी है। शिवशंकर पथ, इंद्रपुरी काॅलाेनी, नंदविहार कॉलोनी, पांडेय लेन, वीसी लेन से गुजरना मुश्किल है। कल्याणी-मोतीझील-धर्मशाला तक पानी के सैलाब के बीच दर्जनों बाइक व कार बंद हो गईं। आमगोला रोड, बटलर रोड, संजय सिनेमा रोड का भी यही हाल है।

अब बुलडोजर से हटा रहे स्लैब
निगम टीम आर्मी कैंट व चक्कर मैदान से पानी निकालने को दो दिनों से जूझ रही है। सोमवार को नगर आयुक्त विवेक रंजन मैत्रेय ने लेनिन चौक पर स्लैब हटवाया। कई जगह बुलडोजर से नाले का अतिक्रमण हटवाया। फिर पानी निकला। चक्कर मैदान व कमिश्नर आवास के निकट दो जेसीबी व सुपर सकर मशीन से नाले की सफाई की गई।






Leave a Reply