नई दिल्ली: अफगानिस्तान में एक बार फिर से तालिबान राज आ गया है. तालिबान के कब्जे के बाद अफगानिस्तान (Afghanistan) के नागरिकों में दहशत और डर का माहौल बना हुआ है. हर कोई देश को छोड़कर जाना चाहता है. तमाम देश इस समय अफगानिस्तान (Afghanistan News) से अपने नागरिकों और अधिकारियों को निकालने में जुटे हुए हैं. इस बीच भारतीय वायु सेना (Indian Air Force) का एक विशेष सोमवार को काबुल पहुंचा. भारत सरकार के मुताबिक अफगानिस्तान में रहने वाले भारतीयों और काबुल दूतावास में काम करने वाले अधिकारियों की सुरक्षा के लिए पहले ही आपाताकालीन निकासी का इंतजाम कर लिया गया है. सोमवार को पहुंचने वाला विमान अब दूतावास के अधिकारियों को लेकर भारत वापस आएगा।
पीटीआई की खबर के मुताबिक भारतीय वायुसेना का C-17 ग्लोबमास्टर सैन्य परिवहन विमान के एक बेड़े को किसी भी समय अफगानिस्तान से लोगों की निकासी के लिए स्टैंडबाय पर रखा गया है. बताया जा रहा है कि एक विमान को रविवार को युद्धग्रस्त देश भेजा गया, जबकि दूसरे ने सोमवार को गाजियाबाद के हिंडन वायुसेना स्टेशन से उड़ान भरी.
200 अधिकारी लौटने के इंतजार में
हिंदुस्तान टाइम्स की खबर के मुताबिक अफगानिस्तान में राजनयिक और सुरक्षा संबंधी कम से कम 200 भारतीय अधिकारी इस समय भारत आने का इंतजार कर रहे हैं. एक अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि इस समय सबसे बड़ी चुनौती भारतीय कर्मचारियों को दूतावास परिसर से एयरपोर्ट तक ले जाना है.
बता दें कि इससे पहले काबुल एयरपोर्ट पर गोलीबारी होने के बाद एयर इंडिया ने अफगानिस्तान के हवाई स्पेस से बचने के लिए दिल्ली-काबुल-दिल्ली की उड़ानों को रद्द कर दिया था. इस समय एयर इंडिया ही एकमात्र विमानसेवा है जो भारत और अफगानिस्तान के बीच उड़ानें संचालित कर रही है. एक अधिकारी ने बताया कि सोमवार को अमेरिका से दिल्ली आने वाली दो उड़ानों को संयुक्त अरब अमीरात में शारजाह की ओर मोड़ दिया गया. सैन फ्रांसिस्को -दिल्ली उड़ान के साथ साथ शिकागो -दिल्ली उड़ान भी शारजाह की ओर मोड़ा गया.
सोमवार को काबुल हवाई अड्डे पर गोलीबारी की घटना सामने आई जिसमें पांच लोगों की मौत हो गई. फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि पीड़ितों की मौत कैसे हुई. सूत्रों की मानें तो अमेरिका ने काबुल में मौजूद अपने अधिकारियों को निकालने के लिए सुरक्षा कड़ी कर दी है.





Leave a Reply