75वें स्वतंत्रता दिवस पर शहर के रामगढ़ परिवार की तरफ से तिरंगा यात्रा निकाला गया। इस तिरंगे की खास बात रही कि यह 351 फीट का था। शहर में निकलते ही यह आकर्षण का केंद्र बन गया। देश के सम्मान में इस तिरंगे को देखने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। हर कोई इस तिरंगे को एक बार छूकर सलाम करना चाह रहा था। जहां से भी यह तिरंगा निकला, लोग इसके सम्मान में खड़े हो गए और देश के वीर सपूतों को नमन करने लगे।
इस रामगढ़ परिवार के युवाओं द्वारा यह तिरंगा यात्रा निकाला गया। जो सरैयागंज टावर से होकर, छाता बाजार, दुर्गा स्थान, दीपक सिनेमा रोड, हरिसभा चौक, जवाहरलाल रोड और कम्पनीबाग के रास्ते होते हुए रामगढ़ चौक पर समाप्त हुआ।


प्रत्येक वर्ष निकालते हैं तिरंगा यात्रा
आकाश सहनी ने बताया कि हमलोग प्रत्येक वर्ष 26 जनवरी और 15 अगस्त को तिरंगा यात्रा निकालते हैं। कभी 400 तो कभी 500 फीट का भी तिरंगा होता है। इस बार 351 फीट का यह तिरंगा है। यह देश के उन तमाम स्वतंत्रता सेनानियों की याद दिलाता है, जिन्होंने देश की आज़ादी के लिए बलिदान दे दिया। यात्रा में शामिल अरुण मेहता, हर्ष अग्रवाल ने कहा कि कोविड प्रोटोकॉल को ध्यान में रखते हुए ये यात्रा निकाली गई है। इस तिरंगे को देखकर लोगों में देश हित की भावना जागृत होगी। उनके मन मे भी देश के लिये कुछ कर गुजरने की तमन्ना जागेगी।





Leave a Reply