BIHARBreaking NewsSTATE

Facebook Live के दौरान तेजप्रताप यादव ने खोया आपा, पत्रकारों को दी FIR करने की धमकी

पटना. बिहार के पूर्व मंत्री तेजप्रताप यादव एक बार फिर अपने कारनामे को लेकर सुर्खियों में हैं. दरअसल बिहार के मीडियाकर्मियों पर भड़के लालू के बड़े बेटे तेजप्रताप यादव (Tejpratap Yadav) ने फेसबुक पेज पर लाइव आते हुए पत्रकारों पर एफआईआर दर्ज करने की बात कह डाली. तेजप्रताप यादव ने कहा कि कुछ लोग बेवजह का तूल दे रहे हैं और लालू परिवार (Lalu Family) को बदनाम कर रहे हैं. तेजप्रताप ने हाल के दिनों में अपने भाई तेजस्वी के पोस्टर प्रकरण पर सफाई देते हुए कहा कि इससे पहले चुनाव के दौरान तेजस्वी के तस्वीर में किसी का फोटो नहीं लगा था तो कोई परेशान नहीं था. हम लोगों ने कोई सवाल खड़ा नहीं किया. कभी-कभी ऐसा होता है कि किसी की तस्वीर छूट जाती है लेकिन इस पर बढ़ा चढ़ाकर बताना ठीक नहीं है.

तेजस्वी को लेकर तेजप्रताप ने दी सफाई
छात्र राजद के पोस्टर पर तेजस्वी की तस्वीर नहीं होने के बाद हुए हंगामे के बाद तेजप्रताप यादव ने तेजस्वी को लेकर सफाई दी. तेजप्रताप ने तेजस्वी को एकबार फिर अर्जुन बताते हुए कहा कि तेजस्वी और तेजप्रताप ही बिहार का भविष्य हैं. तेजस्वी यादव हमारे अर्जुन हैं यह हर मंच पर कहा है और तेजस्वी को मुख्यमंत्री बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे. कुछ लोग बेवजह की बातों को तूल दे रहे हैं.

तेजप्रताप के पोस्टर पर कार्यकर्ता ने पोती थी कालिख
छात्र राजद की तरफ से पटना में लगाये गए पोस्टर में तेजस्वी की तस्वीर नहीं होने पर उठ रहे सवालों के बाद उस समय हंगामा मच गया था जब किसी ने तेजप्रताप के पोस्टर पर कालिख पोत कर अपना विरोध जताया था. पोस्टर पर कालिख पोते जाने के बाद आनन-फानन में उसे हटाया गया और एक बार फिर तेजस्वी की तस्वीर को राजद कार्यालय के बाहर लगाया गया था.

सुर्खियां बने थे पोस्टर

बिहार में पोस्टर की राजनीति के क्रम में पिछले दिनों तेजप्रताप यादव की अध्यक्षता में छात्र राजद की होने वाली बैठक को लेकर लगाए गए पोस्टर की सियासत अब भी गर्म है. छात्र राजद की बैठक को लेकर शहर भर में पोस्टर लगाए गए थे जिसमें तेजप्रताप यादव, राबड़ी और लालू की तस्वीर तो थी लेकिन तेजस्वी को जगह नहींं दी गई थी. छात्र राजद का यह पोस्टर मीडिया में सुर्खियां बना रहा.

Comment here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.