BIHARBreaking NewsSTATE

बिहार में पंचायत चुनाव से पहले गरजी बंदूक, 16 गोलियां खाकर जिंदा बचे कुख्यात ने MLA अनंत सिंह पर लगाए आरोप

पटना. बिहार में पंचायत चुनाव (Bihar Panchayat Election) से पहले ही हिंसा और हत्या जैसी वारदात शुरू हो चुकी हैं. पटना से सटे बाढ़ अनुमंडल में बेखौफ अपराधियों ने ताबड़तोड़ गोलियां चलाकर इसके संकेत दे दिए हैं. बीते 7 अगस्त को बाढ़ अनुमंडल के भदौर थाना का बकमा गांव सुबह-सुबह गोलियों की आवाज़ से गूंज उठा. एक के बाद एक कुख्यात अपराधी रघुनाथ को 16 गोलियां मार कर आराम से फरार हो गए. घटना को अंजाम देने की तैयारी इतनी तगड़ी थी कि टाल का कुख्यात कहा जाने वाला रघुनाथ को भी इसकी भनक नहीं लग सकी.

रघुनाथ को ताबड़तोड़ 16 गोलियां मारी गईं, लेकिन गनीमत यह रही कि सभी गोलियां पैर या हाथ में लगी जिससे वह जिंदा बचा हुआ है. पटना में पुलिस अभिरक्षा में उसका इलाज जारी है. घायल रघुनाथ को जब बाढ़ के एक निजी नर्सिंग होम में इलाज के लिए लाया गया तो उसका एक वीडियो वायरल हुआ है. इस वीडियो में मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह पर साजिश रचने का आरोप लगाया गया है. साथ ही विधायक के कई नजदीकियों के नाम भी वो बता रहा है, जिसने उसे गोली मारी है. हांलाकि, इस घटना से काफी पहले से ही विधायक अनंत सिंह एके-47 मामले में जेल में बंद हैं.

इलाज के दौरान घायल रघुनाथ ने हमले की साजिश का आरोप विधायक अनंत सिंह पर लगाया है. हमलावरों में छोटन सिंह, बुल्लू सिंह, कुंदन सिंह, रंजन सिंह, दीपक, माया शंकर पांडेय, अमित, बिट्टू, रंजन के अलावा जहानाबाद के मुन्ना सिंह का नाम उसने लिया है. साथ ही इस घटना का कारण पंचायत चुनाव बताया जा रहा है.

patna news rjd mla anant singh
पटना से सटे बाढ़ इलाके में हुई गोलीबारी की घटना के बाद कैंप करती पुलिस

पटना से सटे इलाके में हुई गोलीबारी की इस घटना के बाद पुलिस काफी चाक-चौबंद है. भदौर थाना के बकमा में एसडीपीओ पूरे दलबल के साथ कैंप कर रहे हैं. इस बात का अंदाज़ा पुलिस को भी है  कि अभी मामला शांत नहीं हुआ है और वर्चस्व की लड़ाई में अभी और खून बहने की आशंका है.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.