पटना में शनिवार को टीका का रिकॉर्ड तैयार होगा। बख्तियारपुर, खगौल, दानापुर, फुलवारीशरीफ और खुसरूपुर नगर निकाय में 100% वैक्सीनेशन का काम आज पूरा हो जाएगा। शनिवार को मेगा वैक्सीनेशन कैंप में 1.50 लाख वैक्सीनेशन के लिए 100 से अधिक स्पॉट पर पर टीकाकरण की तैयारी की गई है।
100 से अधिक स्पॉट पर होगा वैक्सीनेशन
पटना में शनिवार को 100 से अधिक स्पाट पर वैक्सीनेशन का काम किया जाएगा। इसमें मेडिकल कॉलेजों के साथ कुल 42 सेशन साइट विशेष है और इसके अलावा 40 टीका एक्सप्रेस है। पटना के सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और सब डिवीजनल अस्पताल को भी इसमें शामिल किया गया है। वैक्सीनेशन को लेकर अनुमंडल पदाधिकारी, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, बाल विकास परियोजना पदाधिकारी सहित संबंधित जिला स्तरीय अधिकारियों को जवाबदेही के साथ लगाया गया है।


पटना के सभी क्षेत्रीय पदाधिकारियों को सक्रिय व भ्रमणशील रहने, टीकाकरण टीम को साइट पर ससमय उपस्थित कराने, साइट का विजिट करने तथा लगातार मॉनिटरिंग करते रहने का निर्देश दिया गया है। इसके साथ ही क्राइसिस मैनेजमेंट के लिए भी अलर्ट मोड में रहने का निर्देश दिया।

पटना जिले के 100 से ज्यादा सेंटर पर वैक्सीनेशन।
550 टीकाकरण टीम 1.50 को देगी वैक्सीन
मेगा वैक्सीनेशन कैंप के लिए लगभग 550 टीकाकरण टीम का गठन किया गया है। इसके लिए डेढ़ लाख का टारगेट निर्धारित किया गया है। कोरोना के खिलाफ यह जंग की बड़ी तैयारी है। डीएम डॉ चंद्रशेखर सिंह ने हर व्यक्ति से इसमें भागीदारी करने की अपील की है। एक ही दिन में 1.50 लाख लोगों के वैक्सीनेशन का बड़ा रिकॉर्ड बनाने की बड़ी तैयारी चल रही है।
पटना में बनेगा 100% वैक्सीनेशन का रिकॉर्ड
तैयारी की जा रही है कि 7 अगस्त को मेगा वैक्सीनेशन कैंप के माध्यम से ही बाढ़, बख्तियारपुर, खगौल, दानापुर, फुलवारीशरीफ और खुसरूपुर नगर निकाय मे शत प्रतिशत टीकाकरण का लक्ष्य प्राप्त कर 100% वैक्सीनेटेड घोषित किया जाएगा। इस मंशा को पूरा करने के लिए डीएम ने संबंधित कार्यपालक पदाधिकारी को अपने-अपने क्षेत्रों में मायकिंग कराने तथा अधिक से अधिक व्यक्तियों को मोबिलाइज करने का निर्देश दिया है।
पटना के शहरी वार्डों में 93.25% वैक्सीनेशन
पटना नगर निगम क्षेत्र के 93.25% व्यक्तियों का वैक्सीनेशन किया जा चुका है। 4.52 लाख जीविका दीदी में से 3.09 जीविका दीदी का वैक्सीनेशन किया जा चुका है। टीकाकरण के इस अभियान के अंतर्गत केंद्रीय राज्य एवं प्राइवेट कार्यालय मैं काम करने वाले अधिकारियों एवं कर्मियों का भी ऑन स्पॉट रजिस्ट्रेशन कर वैक्सीनेशन किया गया है। समीक्षा के क्रम में पाया गया की 203 कार्यालयों में 107613 कर्मियों का टीकाकरण किया गया है। इसके अतिरिक्त 47 स्लम एरिया में कुल 10514 व्यक्तियों का टीकाकरण किया गया है।
4 मिनी बस 4 अनुमंडल में रवाना
वैक्सीनेशन के विशेष अभियान में शुक्रवार को डीएम ने 4 मिनी बस को 4 अनुमंडल में नुक्कड़ नाटक की टीम तथा वैक्शीनेटर एवं डाटा एंट्री ऑपरेटरों के साथ रवाना किया है। यह टीम दानापुर, बाढ़, पटना सिटी और पालीगंज अनुमंडल में जाकर वैक्सीनेशन के काम को रफ्तार दे रही है। नुक्कड़ नाटक की टीम के द्वारा जागरूकता पैदा किया जा रहा है तो दूसरी ओर वैक्सीनेटर द्वारा लोगों को टीकाकरण का काम करेगी।
डीएम ने सिविल सर्जन पटना डॉ विभा कुमारी, अपर समाहर्ता सामान्य विनायक मिश्रा, जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ एसपी विनायक और अनुमंडल पदाधिकारी के साथ सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी की जवाबदेही तय करते हुए विशेष टीकाकरण की मुहिम में लगाया है।



Leave a Reply