मुजफ्फरपुर जिले के मिठनपुरा थाना क्षेत्र के रामबाग चौड़ी के रहने वाले मोहम्मद रहमत का अपहरण कर लिया गया है। अपहरणकर्ताओं ने उन्हीं के मोबाइल से कॉल कर फिरौती की मांग भी की है। कहा है कि 4 लाख रुपये दो, नहीं तो लाश मिलेगी। कॉल आने के बाद से पूरा परिवार दहशत में है। शुक्रवार शाम को कारोबारी के भाई मो. अजमत और परिजन टाउन थाना पहुंचे और FIR दर्ज करने को आवेदन दिया।

बताया गया कि इस्लामपुर में 26 वर्षीय रहमत की लहठी दुकान है। वह वहीं पर शाम में एक ग्राहक को लहठी देने गया था। घर लौटने में देरी हुई तो उसके पिता ने कॉल कर पूछा। कारोबारी के कहा कि मोतीझील में है। कुछ देर में घर आ रहा है। इसके बाद भी एक घण्टा बीत गया। लेकिन, वह घर नहीं पहुंचा। परिजन चिंतित हो गए। दोबारा रहमत के मोबाइल पर कॉल किया गया तो उसका नम्बर स्विच ऑफ था।

परिजनों के मन में कई तरह की आशंकाएं उत्पन्न होने लगी। वे काफी घबरा गए। फिर अपने स्तर से खोजबीन शुरू की। लेकिन, कहीं से जानकारी नहीं मिली। उसके दुकान पर भी जाकर आसपास के लोगों से पूछताछ की। पर पता नहीं लगा। जब सब जगह खोजबीन करने के बाद थक गए तभी रहमत के मोबाइल से उसके पिता के नम्बर पर कॉल आया। कॉल करने वाले ने कहा कि ज़ल्दी 4 लाख का इंतज़ाम करो, नहीं तो बेटे की लाश मिलेगी। यह सुनकर सभी लोग दहशत में आ गए। अपहरणकर्ता ने कॉल काट दिया। फिर कुछ देर बाद उसी नम्बर से कॉल किया और कहा कि दो घन्टे में रुपये का इंतज़ाम करो, नहीं तो अंजाम भुगतने के लिए तैयार रहना।
रहमत के भाई ने पिता से मोबाइल ले लिया और अपहरणकर्ता से समय की मांग की। उसने कल तक यानी शनिवार का समय दिया है। इसके बाद सभी लोग टाउन थाना FIR दर्ज कराने पहुंचे। टाउन इंस्पेक्टर ओम प्रकाश ने बताया कि अब तक कोई आवेदन नहीं मिला है। कुछ लोग आए थे लेकिन कुछ लिखित नहीं दिया है।




Leave a Reply