क्या आप जानते हैं कि 1928 एम्सड्रेम ओलिंपिक में जब भारत ने ओलंपिक में पहली बार गोल्ड मेडल जीता था उस समय भारतीय हॉकी टीम के कप्तान जयपाल सिंह मुंडा थे और वे बिहारी थे? क्या आप जानते हैं कि छपरा के हरेन्द्र सिंह इंडियन हॉकी टीम के चीफ कोच रहे और अभी यूएस हॉकी टीम के चीफ कोच हैं?
क्या आप जानते हैं इंटरनेशनल खिलाड़ी अजितेश राय जो इंडियन हॉकी टीम के कप्तान रह चुके हैं वे पटना के हैं। क्या आप जानते हैं कि तीन दशक से बिहार की बागडोर संभाल रहे पटना के मुश्ताक अहमद एक दशक तक हॉकी इंडिया के ट्रेजरर, महासचिव और प्रेसीडेंट रहे हैं? सोचिए अब तक यह राष्ट्रीय खेल हॉकी और बिहार से जुड़ी बहुत सामान्य जानकारी भी आपके पास नहीं है। समझिए, यही अब तक सरकार ने हॉकी को प्रोत्साहित करने के लिए किया है।
अपना हॉकी किट खरीदते हैं और अपना भाड़ा लगाकर खेलने जाते हैं
अब आप यह भी जानिए कि हॉकी खिलाड़ियों के प्रैक्टिस के लिए एस्ट्रो टर्फ (हॉकी खेलने का आधुनिकतम मैदान) भी बिहार में नहीं है। एक है तो वह दानापुर में हैं और सिर्फ सेना के जवानों के लिए है। नेशनल और इंटरनेशनल हॉकी टूर्नामेंट केवल एस्ट्रो टर्फ पर ही कराया जा सकता है।
बिहार में केंद्र प्रायोजित एक भी हॉकी ट्रेनिंग सेंटर नहीं हैं। इस मामले में बिहार से निकलकर अलग राज्य बने ओडिशा के सुंदरगढ़ जिले के लगभग हर गांव में हॉकी का मैदान है। ओडिशा सरकार उन्हें एस्ट्रो टर्फ में अपग्रेड कर रही है जबकि बिहार के खिलाड़ी अपना हॉकी किट खरीदते हैं और खुद के भाड़े से प्रतियोगिता में भाग लेने जाते हैं।
ओडिशा में नगरपालिका स्तर पर हॉकी स्टेडियम बनने जा रहा है

हॉकी को लेकर पड़ोसी राज्य ओडिशा में ऐसा जुनून है कि चैंपियंस ट्रॉफी, हॉकी वर्ल्ड सीरीज के अलावे दो बार लगातार हॉकी विश्व कप का आयोजन (2019 और 2023) कर रहा है। दूसरी तरफ बिहार कई वर्षों से नियमित रूप से स्टेट चैंपियनशिप क्या, हॉकी के जिला लीग का भी आयोजन नहीं कर पा रहा।

दुनिया का सबसे बड़ा हॉकी स्टेडियम इस समय राउरकेला में निर्माणाधीन है। भुवनेश्वर का कलिंग स्टेडियम विश्व हॉकी महासंघ के 5 सितारा रेटेड हॉकी स्टेडियम में से एक है। ओडिशा सरकार सभी नगर पालिकाओं में हॉकी स्टेडियम स्थापित कर रही है।
झारखंड और ओडिशा से ओलंपिक में खेल रहे ये खिलाड़ी
ओडिशा और झारखंड में हॉकी को बाकी राज्य सरकारों ने जब प्रोत्साहन दिया तब उसका नतीजा यह निकला कि इस बार पुरुष और महिला हॉकी टीम में इन राज्यों के भी खिलाड़ी ओलंपिक खेल रहे हैं। ओलंपिक में जो टीम खेल रही है उसमें पुरुष हॉकी टीम में वीरेंद्र लकड़ा और अमित रोहिदास खेल रहे हैं। ये दोनों खिलाड़ी ओडिशा से हैं। ओलंपिक में खेल रही महिला टीम को देखें तो उसमें ममता टोप्पो और दीप ग्रेस एक्का ओडिशा की खिलाड़ी हैं। इसी टीम में निक्की प्रधान और सलीमा टेटे झारखंड की हैं।
वादा तेरा वादा….!
बिहार की सरकार ने हॉकी में बेहतर परफॉर्मेंस के बावजूद यहां के खिलाड़ियों को अच्छा प्रोत्साहन नहीं दिया। नतीजा बिहार से न तो पुरुष टीम में और न महिला टीम में कोई भी ओलंपिक खेल रहा है। जानकारी है कि बिहार में पटना स्थित राजेंद्र नगर स्थित फिजिकल कॉलेज में हॉकी के एस्ट्रो टर्फ के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने तीन बार वादा किया लेकिन आज तक यहां एस्ट्रो टर्फ नहीं बना। एस्ट्रो टर्फ लगवाने के लिए केंद्र सरकार आर्थिक मदद भी देती है।
हॉकी के एक कोच ने बदल दी थी राज्य में महिला हॉकी की तस्वीर
बिहार में हॉकी को बढ़ाने का एक बड़ा प्रयास एक जुनूनी प्रशिक्षक योगेश कुमार ने व्यक्तिगत स्तर पर किया। उन्होंने शास्त्री नगर गर्ल्स स्कूल की बच्चियों को हॉकी की कोचिंग दी। उस कोशिश ने ऐसा असर दिखाया कि यहां की छात्राओं ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी धाक जमाते हुए, देश के छह राज्यों को रिप्रजेंट किया। एक स्कूल के उबड़- खाबड़ ग्राउंड पर प्रैक्टिस करने वाली इन बच्चियों ने देश के दिग्गज टीमों को नाको चने चबा दिए थे।
इसी स्कूल की निभा, अनुभा, स्मिता, पूनम, स्वेता, स्वेत निशा, सुजाता, अरुनीमा, रितिका, कविता, डॉली, प्रीति जैसी ढ़ेर सारी प्रतिभावान खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर पर न सिर्फ अपनी पहचान बनाई बल्कि हॉकी से अपना कॅरियर भी बनाया। उसी मैदान से शुरुआत कर पटना के अजितेश राय भारतीय हॉकी टीम के कप्तान बने। अजितेश विभाजित बिहार के पहले और एकमात्र अंतराष्ट्रीय खिलाड़ी रहे हैं। यह कहानी सिर्फ इतना बताती है कि सरकार थोड़ा सा सपोर्ट कर यहां स्टो टर्फ बनवाती तो बिहार हॉकी में ओलंपिंक खिलाड़ी दे पाता।
तब जमीन नहीं दी थी राज्य सरकार ने
जब बिहार से शहनवाज हुसैन केंद्र में खेल राज्य मंत्री थे उस समय बंगलुरु, गांधीनगर, कोलकाता और पटियाला में जोन वाइज चार रीजनल सेंटर थे, जहां सारी सुविधाएं केंद्र सरकार देती थी। उस समय चार रीजनल सब सेंटर खोलने की भी बात हुई थी। एक रीजनल सब सेंटर बिहार को मिला। उसे गुरु गोविंद सिंह के नाम पर बनना था। लेकिन बिहार सरकार ने तब जमीन नहीं दी और एस्ट्रो टर्फ नहीं बन पाया। उस समय चर्चा यह भी हुई थी कि अभी जहां ऊर्जा स्टेडियम है उस विद्युत बोर्ड कॉलनी में इसे बनाया जाए।

बिहार से खेल में काफी रुचि रखने वाले नेता अब्दुलबारी सिद्दीकी ने भी इसके लिए काफी कोशिश की। विवेक कुमार सिंह और आर एस तिवारी जैसे अफसरों ने भी कोशिश की लेकिन आखिरकार किसी को सफलता नहीं मिली। उस समय बिहार सरकार ने जमीन दे दी होती तो बिहार में स्टो एस्ट्रो टर्फ बन गया होता और शायद इस बार ओलंपिक में बिहार के खिलाड़ी भी खेल रहे होते। कम से कम महिला टीम में बिहार की बेटियां तो ओलंपिक जरूरी खेल रही होतीं।
हॉकी में पहले पड़ोसी आगे, हम पीछे-पीछे
अब बिहार में एक खेल विश्वविद्यालय बनने वाला है। इस बार के मॉनसून सत्र में इससे जुड़ा विधेयक पास भी हो गया। दिलचस्प यह है कि इस खेल विश्वविद्यालय के कुलाधिपति खुद मुख्यमंत्री होंगे। कला संस्कृति और युवा विभाग के मंत्री आलोक रंजन कहते हैं कि पटना में हॉकी का स्टेडियम बनाया जाएगा। यह मोइनुलहक स्टेडियम के पास फिजिकल स्टेडियम के ग्राउंड में बनाया जाएगा।




Comment here