नवनिर्मित पाटलिपुत्रा टर्मिनल के बाहर बड़ा खेल चल रहा है। DTO की मनमानी से अवैध रूप से बसें चल रही हैं। 100 बसों को चिन्हित किया गया है जो सड़क से ही यात्रियों को लेकर बिहार के अलग अलग जिलाें में फर्राटा भर रही हैं। यह खुलासा अफसरों के औचक निरीक्षण में हुआ है जिसके बाद DM डॉ चंद्रशेखर सिंह ने जिला परिवहन पदाधिकारी को 100 बसों की परमिट रद करने के साथ कार्रवाई का निर्देश दिया है।ISBT पर बढ़ाई जाएगी सुरक्षा
पाटलिपुत्रा बस टर्मिनल पर सुरक्षा को लेकर विशेष तैयारी चल रही है। CCTV कैमरा के साथ सुरक्षा के अन्य उपाय किए जा रहे हैं। DM डॉ चंद्रशेखर सिंह और SSP उपेंद्र कुमार शर्मा ने संबंधित अधिकारियों के साथ ISBT का निरीक्षण किया है। सुरक्षा का हाल जाना है साथ ही अन्य व्यवस्था पर मंथन किया है। नवनिर्मित पाटलिपुत्रा बस टर्मिनल में सुरक्षा को लेकर कई सवाल उठाए गए थे इस पर अधिकारियों की बड़ी तैयारी चल रही है।
ISBT में अब 48 CCTV कैमरा से निगरानी
पाटलिपुत्रा बस टर्मिनल के परिसर और बाहर की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सीसी टीवी कैमरों की संख्या बढ़ाई जाएगी। पहले से लगाए गए 16 सीसीटीवी के अतिरिक्त 32 और सीसीटीवी लगाने का निर्देश दिया। अब कुल सीसीटीवी की संख्या 48 हो जाएगी जिससे सुरक्षा को लेकर काम मानीटिरंग होगी। परिसर में लाइटिंग की व्यवस्था बढ़ाई जाएगी। सुरक्षा को लेकर बैरिया आउट पोस्ट को भी बुधवार से शुरू कर दिया जाएगा। वहां बैरिया ओपी प्रभारी एवं फोर्स की तैनाती के साथ कार्यालय व रहने की व्यवस्था की गई है।
परिसर में बढ़ेगा 100 बसों का स्पेश
पाटलिपुत्रा बस टर्मिनल में 100 और बसों के लिए स्पेश बनाया जा रहा है। जगह बढ़ाने को लेकर निर्देश दिया गया है। बसों की पूरी व्यवस्था व्यवस्थित करने का निर्देश दिया गया है जिससे बसों के लिए जगह की कोई कमी नहीं हो। इसके साथ ही रोड पर डिवाइडर के काम में भी तेजी लाने का निर्देश दिया गया है ।
ट्रवेल्स के मालिक के खिलाफ मुकदमा
सोमवार को जय माता दी ट्रैवल्स के लोगों के द्वारा 4 घंटे का परिचालन बंद किया गया था जिससे जाम की समस्या हो गई थी। इसे गंभीरता से लेते हुए जय माता दी ट्रैवल्स के मालिक के विरुद्ध राम कृष्णा नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। जिलाधिकारी ने कहा है कि शुरुआती दौर में व्यावहारिक रूप से कठिनाई आती है जिसे आपसी समन्वय एवं सहयोग से दूर कर लिया जाएगा। उन्होंने शुरुआती कठिनाइयों को 10 दिन के अंदर दूर करने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने किसी भी प्रकार की अव्यवस्था पैदा करने वाले तथा विधि व्यवस्था भंग करने वाले लोगों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। DM का कहना है कि ISBT से सोमवार को 1565 बसों का परिचालन हुआ। 646 बस का टर्मिनल में आगमन हुआ और 859 बसों ने टर्मिनल से अपने गंतव्य के लिए प्रस्थान किया। बिहार राज्य पथ परिवहन निगम के टर्मिनल से 60 बसों का परिचालन हुआ।





Leave a Reply