कोरोना की तीसरी लहर की आहट को लेकर CM नीतीश कुमार कोविड-19 प्रोटोकॉल को देखने के लिए मंगलवार को 5 जिलों के दौरे पर निकले। सड़क मार्ग से निकला CM का काफिला भीड़भाड़ वाले इलाकों से गुजरा। CM इस दौरान लोगों में कोविड को लेकर कितनी जागरुकता है, यह देख रहे थे। CM अक्सर कोविड प्रोटोकॉल को लेकर सड़क पर उतर कर जायजा लेते रहे हैं। लॉकडाउन के दौरान भी CM ने पटना में निकलकर इसका जायजा लिया था। आज CM नीतीश कुमार भ्रमण के दौरान पटना से होते हुए पहले वैशाली गए, जहां मास्क और कोविड प्रोटोकॉल का जायजा लिया। वैशाली के बाद CM मुसरीघरारी होते हुए समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर, पूसा होते हुए रेवा घाट पहुंचे। उसके पश्चात छपरा (सारण) के गरखा, दरियापुर, सोनपुर होते हुए वापस पटना लौटे।
अभी 6 अगस्त 2021 तक लागू है अनलॉक-4
अभी बिहार में अनलॉक-4 चल रहा है। यह 7 जुलाई से 6 अगस्त 2021 तक लागू है। जब भी लॉकडाउन या अनलॉक बढ़ाना होता है तो CM सड़क पर उतर कर जायजा लेते हैं। कोरोना के तीसरे लहर को देखते हुए CM नीतीश कुमार ने यह दौरा किया है। जाहिर है जिस तरह से बातें चल रही हैं, उसके बाद बिहार सरकार भी गम्भीर है। इस दौरे में CM के अलावा शिक्षा मंत्री विजय कुमार चौधरी और बिहार सरकार के कई अधिकारी साथ थे।
क्राइसिस मैनेजमेंट की बैठक में चर्चा
CM नीतीश कुमार अगले एक-दो दिन में क्राइसिस मैनेजमेंट की बैठक करेंगे। साथ ही आपदा सहित स्वास्थ्य विभाग के पदाधिकारियों के साथ बैठक करके अनलॉक-5 पर चर्चा करेंगे। फिलहाल कोरोना के घटते केस को देखते हुए अनलॉक-4 में सभी सरकारी कार्यालयों को सामान्य रूप से खोला गया है।
सभी होटल और रेस्टोरेंट भी 50% बैठने की क्षमता के साथ खुल रहे हैं। सभी क्लब/जिम और स्विमिंग पूल अब 50% क्षमता के साथ खुल रहे हैं। इंडोर स्टेडियम भी खिलाड़ियों की प्रैक्टिस के लिए खुल रहे। सभी सरकारी ट्रेनिंग कॉलेज भी 50% उपस्थिति के साथ खुल रहे हैं। अनलॉक-4 में शादी समारोह, अंतिम संस्कार/श्राद्ध में थोड़ी और छूट दी गई है। शादियों में अब 50 लोगों की अनुमति है। अंतिम संस्कार-श्राद्ध में भी 50 व्यक्तियों की अनुमति होगी। अनलॉक-3 के दौरान यह सीमा 25 थी।





Leave a Reply