BIHARBreaking NewsSTATE

पहले से काफी स्वस्थ्य दिख रहे हैं लालू प्रसाद, समर्थकों को इंतजार- बिहार आकर कब खेला करेंगे RJD सुप्रीमो

लालू प्रसाद अब अन्य नेताओं से मिलने-जुलने लगे हैं। वे पहले से काफी स्वस्थ भी दिख रहे हैं। मुलायम सिंह यादव और अखिलेश यादव के साथ उनकी मुलाकात की तस्वीर लालू प्रसाद के समर्थकों में खूब पसंद की जा रही है। अब तक समर्थक डरे हुए थे कि लालू प्रसाद का स्वास्थ्य कैसे पूरी तरह से ठीक होगा ? लालू दर्जन से ज्यादा बीमारियों के शिकार हैं। नई तस्वीर बता रही है कि लालू प्रसाद अपने पुराने तेवर में लौट रहे हैं।

लालू प्रसाद के समर्थक चाहते हैं कि वे जल्द से जल्द पटना आएं। उनके लिए राबड़ी देवी के आवास में नया कमरा भी तैयार किया जा रहा है। उम्मीद है वे अगस्त में पटना आएं भी। हालांकि, यह उनके डॉक्टर तय करेंगे कि उन्हें दिल्ली से बाहर जाना है कि नहीं। लालू प्रसाद ने कोरोना की वैक्सीन भी ले ली है। समर्थक इंतजार कर रहे हैं कि लालू प्रसाद बिहार में कब खेला करेंगे?

लंबे समय के बाद एक साथ नजर आए लालू प्रसाद और मुलायम सिंह।

लंबे समय के बाद एक साथ नजर आए लालू प्रसाद और मुलायम सिंह।

भाजपा के खिलाफ बड़े समाजवादी नेता हैं लालू

लालू प्रसाद अभी भी भाजपा की हिन्दूवादी नीति के खिलाफ वाले बड़े नेता माने जाते हैं। उनकी यह छवि राम-रथ लेकर निकले लालकृष्ण आडवाणी को गिरफ्तार कर जेल भेजने के बाद से ही बनी हुई है। उनके समर्थक उनका जन्मदिन सामाजिक न्याय और सामाजिक सद्भाव वाले नेता के रूप में मनाते भी हैं। मुलायम सिंह यादव और अखिलेश यादव के साथ चाय पर चर्चा के बाद बिहार के लालू समर्थकों में नया जोश आया है। दूसरी तरफ लालू प्रसाद के राजनीतिक दुश्मनों में चिंता भी दिख रही है।

UP चुनाव से पहले बिहार में राजनीतिक फेरबदल

राष्ट्रीय जनता दल के प्रवक्ता चितरंजन गगन कहते हैं कि लालू प्रसाद पहली बार मीसा भारती के आवास से निकले हैं। इससे पहले एक दिन कोरोना वैक्सीन लेने के लिए वे निकले थे। इसलिए कार्यकर्ताओं में काफी खुशी है। लालू प्रसाद एक्शन में आ गए हैं। गगन यह भी कहते हैं कि UP चुनाव 2022 में है और उसके पहले बिहार में बड़ा राजनीतिक फेरबदल हो सकता है।

लालू प्रसाद और मुलायम सिंह यादव दोनों परिवारवाद के बडे़ मॉडल

JDU के प्रवक्ता और पूर्व मंत्री नीरज कुमार कहते हैं कि लालू प्रसाद तो न्यायपालिका से ही चुनाव लड़ने के मामले में अयोग्य घोषित हैं- ‘वे दुनिया के आठवें आश्चर्य हैं जो किसी अन्य पार्टी को नसीब नहीं हैं। मुलायम सिंह यादव से वे मिले हैं और दोनों नेताओं की राजनीति का मॉडल भी परिवारवाद- वंशवाद है। RJD के लोग मकर संक्रांति के पहले ही खेला-खेला कर रहे हैं। सच यह है कि RJD को तो पॉलिटिकल कोरोना है।’

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.