केरल में कोरोना की रफ्तार पूरे देश को डरा रही है, लेकिन बिहार में इसका कोई खौफ नहीं है। कोरोना के दो मूल मंत्र को ही लोग अब भूल गए हैं। मास्क और सोशल डिस्टेंस दोनों बिहार में कम दिख रहा है। बाजारों के साथ सार्वजनिक स्थानों पर भीड़ से हर पल कोरोना का खतरा मंडरा रहा है। लापरवाही से ही कोरोना का खतरा बढ़ रहा है। एक्सपर्ट का कहना है कि 46 से 76 का आंकड़ा ऐसी ही लापरवाही के कारण हो रहा है।
अचानक हो सकता है कोरोना विस्फोट
संक्रमण से बचाव को लेकर लापरवाही ऐसे ही होती रही तो आने वाले समय में कोराेना का विस्फोट हाे सकता है। एक दो मामले ही संक्रमण की रफ्तार काे बढ़ा सकते हैं। अब तक दोनों लहर में ऐसे ही हुआ है। अचानक से कोरोना बढ़ा और फिर आउट ऑफ कंट्रोल हो गया। पटना में फिर ऐसी ही स्थिति हो सकती है क्योंकि लापरवाही जारी है। पटना में प्रशासन भी कोई ऐसी रणनीति नहीं बना पा रहा है जिससे लोगों की मनमानी पर अंकुश लगाया जा सके।
हाईकोर्ट के आदेश पर भी नहीं बनी व्यवस्था
पटना हाईकोर्ट ने कोरोना को लेकर सरकार को निर्देश दिया है कि वह सोशल डिस्टेंस और मास्क को लेकर गंभीर हो। देश में जिस तरह से कोरोना के मामले बढ़ रहे हैं और लापरवाही जारी है। सरकार को हाईकोर्ट ने सख्ती का आदेश दिया लेकिन अभी तक इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं हो पाई है। बाजारों में धावा दल तो घूम रहा है लेकिन वह लोगों पर सख्ती नहीं दिखा पा रहा है। अगर सरकार की सुस्ती और लोगों की लापरवाही ऐसे ही बनी रही तो आने वाले दिनों में कोरोना का खतरा बढ़ जाएगा।
सावधान रहने की जरूरत
आंकड़ों को देखने से लग रहा है कि संक्रमण की धार कमजोर हो रही है, लेकिन ऐसा नहीं है। 30 जुलाई को 24 घंटे में ही नए संक्रमण के मामले 72 हो गए। 29 जुलाई को 46 मामले आए थे। 28 जुलाई को 76 नए मामले आए लेकिन एक दिन पहले मामले कम थे। ऐसे ही मामले एक सप्ताह तक लगातार कम ज्यादा होते रहे हैं। यह स्थित कोरोना का धोखा है और एक्सपर्ट का कहना है कि इस स्थिति में लोगों को काफी सावधान रहने की जरूरत है।
5 जिले कोरोना मुक्त है फिर भी खतरा
बिहार के 5 जिले कोरोना मुक्त हैं। यहां एक भी नए मामले नहीं हैं, इस कारण से एक्टिव मामलों की संख्या भी शून्य है। नवादा कोरोना मुक्त है यहां एक भी एक्टिव मामले नहीं है। अब तक कुल 10333 लोग कोरोना संक्रमित हुए हें जिसमें 10155 लोग ठीक हुए हैं और 178 की मौत हुई है। इसी तरह से शिवहर भी कोरोना मुक्त हुआ है। यहां अब तक कुल 4387 संक्रमित हुए और 4351 ठीक हुए जबकि 36 की मौत हुई है। गया भी कोरोना मुक्त है। यहां अब तक कुल 33910 संक्रमित हुए हैं जिसमें 33631 ठीक हुए हैं। कोरोना से गया में 279 लोगों की मौत हो चुकी है। इसी तरह से गोपालगंज भी कोरोना मुक्त हुआ है। यहां अब तक 16666 लोग संक्रमित हुए और 16572 ठीक हुए, गोपालगंज में 4 की मौत हो चुकी है। इसी तरह से जहानाबाद भी कोरोना मुक्त हुआ है। यहां अब तक कुल 10768 लोग संक्रमित हुए हैं जिसमें 10659 लोग ठीक हुए हैं। यहां अब तक 109 मौत हुए है। इसके बाद भी कोरोना का खतरा है। क्योंकि पूर्व में भी बांका और बक्सर कोरोना से मुक्त हुए थे लेकिन वहां संक्रमण फिर फैल गया।
एक्सपर्ट ने कहा केरल के कोरोना से डरे
पटना एम्स के कोरोना एक्सपर्ट और ट्रामा इमरजेंसी के HOD डॉ. अनिल कुमार का कहना है कि केरल में बढ़ते मामले को लेकर सबक लेना चाहिए। केरल में जिस तरह से मामले बढ़ रहे हैं, अगर बिहार में इस तरह से मामला बढ़ा तो काफी मुश्किल होगी। काेरोना की वैक्सीन लेने के बाद भी लोगों को मास्क और सोशल डिस्टेंस का पालन करना होगा नहीं तो आने वाला समय काफी मुश्किलों भरा होगा।





Leave a Reply