पटना: पार्टी चीफ की कुर्सी जाते ही पोस्टर से भी आउट हुए RCP, ललन सिंह के तस्वीरों से पटा JDU प्रदेश कार्यालय
केंद्रीय इस्पात मंत्री आरसीपी सिंह अब जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नहीं रहे. राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में ललन सिंह की ताजपोशी के साथ ही अब आरसीपी सिंह पोस्टर से भी आउट हो गए है. राजधानी पटना स्थित जेडीयू का प्रदेश कार्यालय नवनियुक्त जेडीयू चीफ व मुंगेर से सांसद ललन सिंह के बैनर व पोस्टर्स से पट गया है.
पटना स्थित जेडीयू के प्रदेश कार्यालय में जश्न मनाया जा रहा है. नेता एक-दूसरे को गुलाल लगाकर बधाई दे रहे हैं. जेडीयू कार्यकर्ता खुशी से झूम रहे हैं. ढोल-नगाड़े बजाकर और एक दूसरे को रंग गुलाल लगाकर अपनी खुशी जाहिर कर रहे हैं. कुल मिलाके कहे तो आज जेडीयू के प्रदेश कार्यालय में होली का माहौल हो गया है. पार्टी दफ्तर के आसपास नए-नए होल्डिंग और बैनर लगाए गए हैं. लेकिन मजे की बात यह है कि बैनर पोस्टरों में आरसीपी सिंह कहीं नजर नहीं आ रहे है.

ऊपर दिखाई दे रही फीचर्ड फोटो में आप देख सकते है कि जेडीयू दफ्तर के मुख्य गेट के ठीक बगल में ललन सिंह को बधाई देने वाला एक पोस्टर लगा है. जेडीयू कार्यकर्ता मनीष कुमार सिंह की तरफ से यह पोस्टर लगाया गया है. पोस्टर में ललन सिंह को बधाई दी गई है. लिहाजा उनकी तस्वीर है. इसके अलावा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की भी बड़ी तस्वीर है. लेकिन आरसीपी सिंह की तस्वीर पोस्टर में कहीं नजर नहीं आती.

हालाँकि पार्टी दफ्तर के आसपास लगे इन पोस्टरों में ललन सिंह और नीतीश कुमार की जोड़ी के अलावे उपेंद्र कुशवाहा, वशिष्ठ नारायण सिंह, हरिवंश, अशोक चौधरी, संजय झा और नीरज कुमार की तस्वीरें नजर आ रही हैं. ऐसे में यह सवाल उठना लाजमी है कि क्या वाकई जेडीयू में आरसीपी युग इतनी जल्दी खत्म हो गया.



Leave a Reply