BIHARBreaking NewsSTATE

नेशनल फेडरेशन प्रतियोगता के लिए भागलपुर के लाल का चयन / कभी गांव के खेतों में दौड़ लगाने वाला रमण, अब करेगा बिहार के लिए जूनियर नेशनल प्रतियोगिता का प्रतिनिधित्व

होनहार वीरवान के होत चीकने पात, उक्त कहावत को भागलपुर के लाल रमण राज ने एक बार फिर से सही साबित कर दिया है। कभी गांव के खेतों के मेड़ पर दौड़ लगाने वाला रमण आज बिहार के लिए जूनियर नेशनल प्रतियोगिता का प्रतिनिधित्व करने वाला है। रमण ने अपने उद्देश्य को पूरा करते हुए जिले का नाम रौशन किया है। भागलपुर के मिर्जापुर निवासी प्रकाश यादव के पुत्र रमण राज का चयन 19वें फेडरेशन जूनियर नेशनल प्रतियोगता के लिए हुआ है। उसकी इस सफलता से न सिर्फ उसके परिवार में बल्कि उनके समाज तथा खेल प्रेमियों में भी खुशी की लहर है। यह प्रतियोगिता 31 जुलाई से दो अगस्त तक हरियाणा के संगरूर में होगी।

इस संबंध में रमण ने बताया कि इस प्रतियोगिता में शामिल होने और अपनी जीत सुनिश्चित करने के लिए कड़ी मेहनत की है। पिछले चार वर्षों से नाथनगर के आशादीप क्लब से जुड़कर इसकी तैयारी कर रहा था। प्रतिदिन सुबह-शाम चार घंटे खेतों के मेढ़ पर दौड़कर पसीना बहाने के बाद आज हमें नेशनल प्रतियोगता में बिहार का प्रतिनिधित्व करने का मौका मिला है। इसमें वह तीन हजार मीटर दौड़ के लिए चयनित किया गया है।

इधर, रमण के कोच जितेंद्र मणि राकेश ने बताया कि रमण राज ढोलबज्जा हाई स्कूल में इंटर का छात्र है। उसके पिता प्रकाश यादव मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। उनकी आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण कई बार मजदूरी के लिए पिता के साथ जाना पड़ा है। कोच ने बताया कि कोरोना काल में भी उसने प्रैक्टिस के लिए प्रतिदिन खेत के मेढ़ पर पसीना बहाया। उसकी सच्ची लगन और कड़ी मेहनत के कारण ही उसका चयन नेशनल प्रतियोगता में हुआ है।

ये रही हैं उपलब्धियां

कोच जितेंद्र मणि राकेश ने बताया कि रमण इससे पहले भी कई राज्यस्तरीय प्रतियोगताओं में अपनी उपलब्धि गिना चुका है।

  • असम के गुवाहाटी में 32वें इस्ट जोन जूनियर एथलेटिक प्रतियोगता में दो हजार मीटर की दौड़ में प्रथम स्थान पर कब्जा रहा। जो 28-29 दिसंबर 2020 को हुआ था।
  • पटना में 2019 में आयोजित बिहार राज्य स्तरीय स्कूल खेल प्रतियोगता में 1500 एवं 3000 मीटर की दौड़ में प्रथम स्थान पर रहा।
  • 2018 में पटना में आयोजित हुए बिहार स्कूल खेल प्रतियोगिता में वह 300 मीटर दौड़ में प्रथम स्थान पाया।
  • 2008 में दिल्ली में आयोजित स्कूल गेम फेडरेशन ऑफ इंडिया में टॉप 10 में स्थान हासिल किया।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.