Breaking NewsNational

राष्ट्रपति कोविंद ने बारामूला में युद्ध स्मारक पर कारगिल शहीदों को दी श्रद्धांजलि, लद्दाख दौरा हुआ रद्द

नई दिल्ली: कारगिल विजय दिवस (Kargil Vijay Diwas) की 22वीं वर्षगांठ के मौके पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद (Ramnath Kovind) ने सोमवार को उत्तरी कश्मीर के बारामूला में कारगिल युद्ध में शहीद हुए वीर जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की. राष्ट्रपति कोविंद को कारगिल विजय दिवस पर लद्दाख (Ladakh) में कारगिल युद्ध स्मारक (Kargil War Memorial) पर एक कार्यक्रम में शामिल होना था लेकिन खराब मौसम की वजह से उनके दौरे को रद्द करना पड़ा.

राष्ट्रपति भवन के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से राष्ट्रपति के बारामूला कार्यक्रम की जानकारी दी गई. ट्वीट में कहा गया “कारगिल विजय दिवस पर, राष्ट्रपति कोविंद ने देश की रक्षा में अपने प्राणों की आहुति देने वाले सभी सैनिकों को श्रद्धांजलि देने के लिए जम्मू-कश्मीर के बारामूला स्थित डैगर युद्ध स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित की.”

राष्ट्रपति कोविंद के साथ इस मौके पर जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और चिनार कोर के जनरल ऑफिसर कमांडिंग लेफ्टिनेंट जनरल डीपी पांडे भी मौजूद थे. डैगर वॉर मेमोरियल में राष्ट्रपति कोविंद ने कहा कि देश उन सैनिकों और अधिकारियों को सलाम करता है तो हमेशा ही प्रतिकूल मौसम और प्रतिकूल इलाकों में ड्यूटी करते हैं ताकि देश के नागरिक चैन से रह सकें.

वीर जवानों को श्रद्धांजलि देने के बाद एलजी सिन्हा के साथ, राष्ट्रपति ने गुलमर्ग के स्की रिसॉर्ट में हाई एल्टीट्यूड वारफेयर स्कूल का दौरा किया और स्कूल व चिनार कोर के अधिकारियों और जवानों के साथ कुछ देर तक बातचीत भी की.

गौरतलब है कि राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद रविवार को जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के चार दिवसीय दौरे पर पहुंचे हैं. पहले दिन उन्होंने कश्मीर का दौरा किया और सोमवार को उन्हें कारगिल विजय दिवस की 22वीं वर्षगांठ के अवसर पर द्रास स्थित कारगिल वॉर मेमोरियल पहुंच कर शहीद जवानों के श्रद्धाजंलि देनी थी लेकिन खराब मौसम के चलते उनका दौरा रद्द हो गया. 27 जुलाई को राष्ट्रपति कोविंद श्रीनगर में कश्मीर विश्वविद्यालय के 19वें वार्षिक दीक्षांत समारोह को शेरे कश्मीर इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर में संबोधित करेंगे. वह 28 जुलाई को वापस दिल्ली पहुंचेंगे.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.