बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी IAS सुधीर कुमार के समर्थन में आ गए हैं। यह वही सुधीर कुमार हैं, जो शनिवार को CM नीतीश कुमार सहित बिहार के कई अधिकारियों पर SC/ST थाने में जाकर FIR दर्ज कराने पहुंचे थे। हालांकि, मामला दर्ज नहीं किया गया। पूर्व CM मांझी ने पहले तो उनका सपोर्ट किया, लेकिन नीतीश कुमार का नाम आते ही पलट गए। कहा- उन्हें इस बारे में कुछ नहीं पता।
36 पेज के आवेदन में सुधीर कुमार ने दावा किया था कि सरकार ऊपर से लेकर नीचे तक सभी भ्रष्टाचार में लिप्त हैं। सभी पर केस करेंगे। सुधीर कुमार सोमवार को DGP से जान को खतरा बताकर अपने लिए सुरक्षा की मांग की थी। सुधीर लगातार प्रयासरत हैं कि उनका मामला दर्ज हो जाए, लेकिन उनकी FIR को नहीं लिया जा रहा है। इस मामले को लेकर पूर्व CM जीतनराम मांझी ने कहा कि ये चिंता की बात है। FIR दर्ज करनी चाहिए।

मांझी ने यह भी कहा कि चाहे कोई भी हो, उसका अधिकार है कि वो किसी मामले को लेकर थाने जाता है तो उसकी FIR दर्ज हो। जब जीतनराम मांझी से पूछा गया कि वो CM नीतीश कुमार के खिलाफ केस दर्ज कराने पहुंचे थे तो वे सकपका गए। तत्काल अपने बयान से पलट गए। मांझी ने पूरे मुद्दे से ही किनारा करते हुए बोला कि मैं इस बारे में कुछ नहीं जानता हूं।

महंगाई पर तेजस्वी का किया समर्थन
वहीं, महंगाई को लेकर सदन से सड़क तक विपक्षी दल आंदोलन के मूड में हैं। राष्ट्रीय जनता दल इसको लेकर प्रदर्शन भी कर रहा है। पूर्व CM जीतनराम मांझी ने तेजस्वी यादव की महंगाई को लेकर किए जा रहे प्रदर्शन का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि हर आदमी इस समय महंगाई से त्रस्त है। जब पूछा गया कि CM नीतीश कुमार से महंगाई के मुद्दे पर बात करेंगे तो उन्होंने कहा कि CM नीतीश कुमार को सब कुछ पता है। उन्हें नहीं पता होता तो उनसे कहने जाते, लेकिन CM सब जानते हैं।

CM नीतीश की मांझी ने की तारीफ
हालांकि, पूर्व CM जीतन राम मांझी ने नीतीश कुमार की भी जमकर तारीफ की। नीतीश कुमार के जनता दरबार की तारीफ करते हुए कहा- ‘ये देश के एकमात्र मुख्यमंत्री हैं जो नेता, पदाधिकारी और आम लोगों से फीडबैक लेते हैं। पहले भी राजा महाराजा भेष बदलकर आम लोगों की समस्या जानने उनके बीच पहुंचते थे। नीतीश कुमार भी उसी तरह के मुख्यमंत्री है। लोकतंत्र में इस तरह की परिपाटी होनी चाहिए।’



Leave a Reply