राष्ट्रीय जनता दल (RJD) सुप्रीमो लालू प्रसाद के बड़े लाल तेजप्रताप यादव अपनी अदाओं की वजह से सुर्खियों में रहते हैं। हाल ही में वह अपने विधानसभा क्षेत्र हसनपुर के बाढ़ ग्रस्त इलाकों के दौरे पर थे। कुछ दिनों पहले नाव पर कुर्सी लगाकर बाढ़ का मुआयना करते उनका वीडियो दिखा था। इससे पहले पिछले हफ्ते वह अगरबत्ती बनाकर भी बेच रहे थे।
अब फिर से उन्होंने जो वीडियो सोशल मीडिया पर डाला है वह म्यूजिक के साथ है। वे झक सफेद कुर्ता और पायजामा में बाढ़ की त्रासदी झेल रहे लोगों को हाथ हिलाकर बता रहे हैं कि वे क्षेत्र में भ्रमण कर रहे हैं। उसमें बैकग्राउंड म्यूजिक भी सूफियाना अंदाज वाला है।

एक अन्य वीडियो में वे नदी किनारे भैंस धोते व्यक्ति से मिलने जा रहे हैं। इसमें भी गजब का अंदाज है। एक बच्चा आता है और तेजप्रताप यादव का पैर छूकर जाता है। बाढ़ ग्रस्त इलाके में वे लोगों का दुख बांटने गए हैं या इंज्वाय करने, यह पता ही नहीं चल रहा है। बाढ़ की त्रासदी के बीच उनका सूफियाना अंदाज चर्चा में है। बाढ़ के दुख को यह सूफियाना अंदाज बढ़ा रहा है कि घटा रहा है, यह भी एक सवाल है। तेजप्रताप यादव फोन पर वीडियो कांफ्रेसिंग से लोगों की बात भी अपने पिताजी और राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव से करवा रहे हैं।

सुर्खियों में रहते हैं तेजप्रताप
तेज प्रताप अपनी हरकतों से लगातार सुर्खियों में रहते हैं।वह कभी शिव का रूप धारण करते हैं तो कभी कृष्ण का। पिछले दिनों राष्ट्रीय जनता दल के 25 वें स्थापना दिवस पर उन्होंने पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सहित तेजस्वी यादव को भी निशाने पर लिया था। उन्होंने आरोप लगाया था कि युवा कार्यकर्ताओं का सिर्फ इस्तेमाल किया जाता है। महिलाओं को उचित स्थान नहीं दिए जाने का सवाल भी उन्होंने उठाया था।

तेज प्रताप ने उदाहरण देकर बताया था कि कैसे उनका पैर खींचने की कोशिश पार्टी के अंदर लोग करते हैं। वरिष्ठ नेताओं पर खुद का चेहरा चमकाने का भी आरोप मढ़ा था। अपने कुरते को दिखाते हुए स्थापना दिवस के आयोजन में ही उन्होंने कहा था इस चोले का पहनने का अधिकार उसे ही है, जो जनता के लिए काम करे। जनता के दुख-दर्द में शामिल रहे।



Leave a Reply