सरकार से मिलने वाले बेरोजगारी भत्ता को लेकर खुश हो रहे छात्र संभल जाएं। क्योंकि हो सकता है कि लिया गया भत्ता उन्हें वापस चुकाना पड़े। साथ ही इसका खामियाजा भी भुगतना पड़े । मुख्यमंत्री के जनता दरबार में सोमवार को एक छात्रा तब बिलख पड़ी, जब बेरोजगारी भत्ता लेने की वजह से उसे स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड से बेदखल कर दिया गया ।

मुख्यमंत्री के जनता दरबार में रोई छात्रा
गया की छात्रा सोमवार को जनता दरबार के दौरान मुख्यमंत्री के सामने रो पड़ी, जब उसे पता चला कि महज दो महीने लिया गया बेरोजगारी भत्ता, अब उसके पूरे करियर पर भारी पड़ रहा है । गया के बुद्धा इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी , पॉलटेक्निक में पढ़ाई की चाहत लेकर पहुंची इस छात्रा ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सामने रो-रो कर अपनी कहानी बताई । छात्रा का कहना था कि उसका बुद्धा इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी में नामांकन हो चुका है। लेकिन उसे स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड नही मिल पा रहा । वजह यह है कि उसने दो महीने तक बेरोजगारी भत्ता लिया है । छात्रा सीएम के सामने रोती हुई कहती रही , सर प्लीज स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड दिलवा दीजिए ,पढ़ना चाहते है पैसा लौटा दूंगी । मुख्यमंत्री ने इस मामले को शिक्षा विभाग को सौंप दिया है और अब शिक्षा विभाग इस पर अंतिम फैसला लेगा ।

पढ़ाई पूरी कर चुके बेरोजगार युवाओं को ही दिया जाता है बेरोजगारी भत्ता
राज्य के सभी शिक्षित युवा जिनकी पढ़ाई पूरी हो चुकी है और जिन्हें नौकरी नहीं मिल पा रही है। उन्हें बेरोजगारी भत्ता दिया जाता है । प्रतिमाह 1000 रूपये का बेरोजगारी भत्ता दिया जाता है । ये राशि शिक्षित बेरोजगार युवाओं को तब तक दी जाती है, जब तक उनकी नौकरी नहीं लग जाती है । आवेदकों की आयु 21 से 35 वर्ष के बीच होनी चाहिए । इस योजना का लाभ पढ़ाई पूरी कर चुके युवाओं को ही मिलती है । यही वजह है कि इस योजना का लाभ लेने के बाद लाभार्थी को स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड का लाभ नहीं मिलता ।

सीएम ने शिक्षा विभाग को कहा , देख लीजिए पैसा लौटाने को तैयार
छात्रा ने गुहार लगाई तो सीएम का भी दिल पसीजा। उन्होंने शिक्षा विभाग को कहा कि देख लीजिए , बोल रही है पैसा वापस कर देगी । हालांकि सीएम ने इसके साथ ही ये भी कहा कि इसके लिए नियमों में बदलाव करना होगा । स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना के तहत स्टूडेंट को विभिन्न कोर्सेज की पढ़ाई के लिए लोन दिया जाता है । सरकार इसमें स्टूडेंट की तरफ से गारंटी देती है।



Leave a Reply