मुजफ्फरपुर जिले के सरैया थाना क्षेत्र स्थित रेपुरा एसबीआई शाखा से 6.82 लाख रुपये लूटकांड में एसआईटी में तीन जिलों से आधा दर्जन संदिग्धों को दबोचा है। इन सभी का पूर्व से भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। वैशाली, छपरा और समस्तीपुर में टीम ने कार्रवाई की है। इसके अलावा मुज़फ़्फ़रपुर के पारु और देवरिया से दो संदिग्ध को हिरासत में लिया गया था।
हालांकि,अब तक पुलिस किसी ठोस नतीजे पर नही पहुंच सकी है कि हिरासत में लिए गए ये सभी लूट की घटना में शामिल थे या नहीं। इसके लिए जिन लूटेरों की तस्वीर सीसीटीवी में कैद हुई थी, उससे इन सभी का हुलिया मिलाया जा रहा है।

जेल से जमानत पर छूट शातिरों की बना रहे सूची
पिछले तीन माह में सेंट्रल जेल से जमानत पर बाहर निकले शातिरों की सूची भी तैयार की जा रही है। इसमें खासकर वैसे शातिर शामिल हैं, जो पूर्व में लूट की वारदात को अंजाम दे चुके हैं और इनका अंतरजिला गिरोह से साठगांठ है। एसएसपी जयंतकांत ने उन सभी की वर्तमान गतिविधि का पता लगाने का निर्देश दिया है।

स्थानीय लाइनर की तलाश में छापेमारी
पुलिस और एसआईटी की अबतक की छानबीन में पता लगा कि घटना में एक स्थानीय लाइनर भी शामिल था। नारंगी रंग के गमछे से जिसने चेहरा ढंका हुआ था। वही लाइनर बताया गया है। कहा जा रहा है वह घटना से तीन चार दिन पहले से ही बैंक के आसपास मंडरा रहा था। इसके अलावा पूर्व की कुछ लूट की वारदात के पुलिस ने फुटेज खंगाले हैं। जिनमे एक दो घटनाओं में ऐसी कदकाठी का शातिर देखने को मिला है। अब उसकी पूरी कुंडली खंगाली जा रही है। उसकी गिरफ्तारी को लेकर देर रात एसआईटी ने सरैया और आसपास के कई इलाकों में सघन छापेमारी भी की। लेकिन, कोई सफलता हाथ नही लगी।

शीघ्र उद्भेदन का पुलिस अफसर कर रहे दावा
बता दें कि चार दिन पूर्व छह लूटेरों ने दिनदहाड़े एसबीआई शाखा से 6.82 लाख रुपये लूट लिए थे। लेकिन, अब तक पुलिस इस घटना का उद्भेदन नही कर पाई है। पुलिस अफसर दावा कर रहे हैं कि शीघ्र ही पर्दाफाश कर लिया जाएगा। अपराधियों को चिन्हित कर लिया गया है।



Leave a Reply