सूबे के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री सह हसनपुर विधायक तेज प्रताप यादव शनिवार को अपने विधानसभा क्षेत्र पहुंचे। उन्होंने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लिया। कहा कि यहां तो सरकार दिख ही नहीं रही। न तो एनडीआरएफ और न ही मेडिकल टीम है। प्रशासनिक पदाधिकारी भी नहीं दिखाई दे रहे हैं। मुख्यमंत्री हवाई सर्वेक्षण कर रहे हैं। इससे क्या होगा। जनता अपनी समस्या किससे कहेगी? तेज प्रताप ने बिथान प्रखंड की बेलसंडी, नरपा, सलहाबुजुर्ग और सलहाचंदन पंचायतों का दौरा किया। ये चारों पंचायतें करेह, कमला, कोसी एवं बागमती नदी की बाढ़ से घिर गई हैं। तेज प्रताप ने स्कूल, मदरसा, निर्माणाधीन हसनपुर सकरी रेलवे लाइन व ऊंचे स्थानों पर शरण लिए लोगों से बात की। नरपा गांव में पानी में डूबे प्राथमिक विद्यालय की छत पर चढ़कर अपने पिता व पार्टी सुप्रीमो लालू प्रसाद को वीडियो कॉल कर पानी से घिरे लोगों की बात कराई। तेज प्रताप ने बताया कि चारों पंचायतों के दर्जनों गांव प्रत्येक वर्ष बरसात के चार माह पानी से घिरे रहते हैं। एकमात्र नाव ही आने-जाने का साधन होती है।




Leave a Reply