BIHARBreaking NewsSTATE

बेतिया में पहली बाढ़ भी नहीं झेल पाया बखरी घाट का नवनिर्मित पुल; अचानक धंस गया एक पिलर, डरकर भागे लोग

बेतिया के नरकटियागंज में बखरी घाट में बलोर नदी पर बना नवनिर्मित RCC पुल का एक पिलर करीब 1 फीट अंदर धंस गया। PM ग्राम सड़क योजना के तहत 5 करोड़ 41 लाख 24 हजार 966 रुपए की लागत से बना पुल पहली बाढ़ भी नहीं झेल पाया। फिलहाल पिलर के दोनों ओर ईंट रखकर आवागमन रोक दिया गया है।

स्थानीय लोगों ने बताया कि अचानक पुल का पिलर धंसने लगा। जोरदार आवाज हुई तो पुल से गुजर रहे राहगीर भागे। हालांकि जान-माल की कोई क्षति नहीं हुई है, लेकिन पुल के धंसने की चर्चा चारों ओर है। लोग दहशत में हैं।

सूचना मिलने पर पुल निगम के सहायक अभियंता ने मौके पर पहुंचकर पुल की स्थिति का अवलोकन किया। हालांकि, सहायक अभियंता ने इस बारे में कुछ भी बोलने से साफ इनकार कर दिया। निरीक्षण के बाद पुल के दोनों ओर से ईंट रखकर आवागमन को बाधित कर दिया गया है। बहरहाल ग्रामीणों ने पुल के निर्माण कार्य में अनियमितता बरतने का आरोप लगाते हुए पुल के निर्माण में संलिप्त अभियंता व संवेदक पर कार्रवाई की मांग की है।

यह पुल ग्रामीण कार्य विभाग की ओर से PM ग्राम सड़क योजना के तहत चमुआ मैडरौल पथ के बलोर नदी पर करीब 5 करोड़ 41 लाख 24966 रुपए की लागत से बनाई गई है। यह पुल मैडरौल, बड़निहार, हरपुर, बलुआ, सीतापुर, मनवा, परसी गांव समेत थरुहट क्षेत्र के कई गांवों को जोड़ता है, जिसके कारण आवागमन बाधित हो गया है।

ग्रामीण सह वार्ड सदस्य पति एजाज अहमद, गाम्हा मुखिया, हरिहर सहनी, जमालुद्दीन शेख, रामायण महतो, संदीप कुमार पड़ित, मो. मोजाहिर, मो. अबुलैश, मजहर आलम आदि ने कहा कि यह पुल पहला बाढ़ भी नहीं झेल पाया और इसका पिलर धंस गया। उन्होंने बताया कि बलोर नदी में जलस्तर के बढ़ते ही शुक्रवार सुबह एक जोरदार आवाज के साथ पुल का एक पाया नदी में अंदर धंस गया।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.